By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
तिरुवनंतपुरम, नौ नवंबर केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को स्पष्ट किया कि लापरवाही से वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने या नशे की हालत में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चेन्निथला ने चेतावनी दी कि किशोर न्याय अधिनियम की आड़ में किसी को भी मनमानी करने की छूट नहीं दी जा सकती। चेन्निथला ने पत्रकारों से कहा कि युवाओं को यह नहीं सोचना चाहिए कि किशोर न्याय अधिनियम के तहत मिलने वाले संरक्षण के कारण वे कोई भी अपराध करके बच निकलेंगे।
उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सरकार इस अधिनियम में संशोधन करने पर भी विचार करेगी। मंत्री ने अभिभावकों से भी कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। चेन्निथला ने कहा, ‘‘सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शराब या मादक पदार्थों के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’ मंत्री का यह बयान राज्य में हाल के दिनों में हुई कई सड़क दुर्घटनाओं के बाद आया है।
इनमें विशेष रूप से नाबालिगों के वाहन चलाने के दौरान हुए हादसे शामिल हैं। इनमें से कुछ नाबालिग नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्यभर की पुलिस को नशे की हालत में वाहन चलाने के ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और विशेष तलाशी अभियान भी चलाए जाएंगे। उन्होंने स्कूल बस चालकों के संबंध में बताया कि हाल में की गई जांच में राज्य में 57 चालक बच्चों को स्कूल ले जाते समय शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। उन्होंने कहा, ‘‘जरा सोचिए, अभिभावक सुबह अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं और बस का चालक नशे में होता है।
ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में कोई समझौता नहीं होगा।’’ उन्होंने कहा कि वह निजी बस चालकों को बताना चाहते हैं कि सरकार तेज गति से वाहन चलाने वालों और दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने पर विचार कर रही है। इससे पहले रविवार को मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने कहा था कि सड़क सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।