Kerala local body bypolls में सत्ताधारी UDF ने 18 वार्ड जीते, LDF को मिलीं 16 सीटें

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 29, 2026

केरलम में सत्ताधारी कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को सोमवार को हुए स्थानीय निकाय उपचुनावों में झटका लगा क्योंकि उसे अपनी कुछ मौजूदा सीटें गंवानी पड़ीं। यूडीएफ ने 38 वार्डों में हुए उपचुनाव में से 18 पर जीत हासिल की। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के आंकड़ों के अनुसार, यूडीएफ ने 18 सीटें जीतीं, माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ को 16 सीटें मिलीं, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने एक सीट जीती और तीन वार्ड निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गए।

कोट्टायम जिले में उपचुनाव वाली तीन में से दो सीटें एलडीएफ ने जीतीं। वहीं पलक्कड़ जिले में उपचुनाव वाली सात सीटों में से चार पर वाम मोर्चे ने जीत दर्ज की। यूडीएफ ने वायनाड जिले की मनंतवाडी की पल्लीक्कल डिवीजन और कोझिकोड जिले की कुट्टिचिरा वार्ड सीट जीती।

हालांकि इस बार इन सीटों पर उसकी जीत का अंतर केवल कुछ सौ वोट रहा, जबकि पिछली बार इन सीटों पर हुए चुनाव में जीत का अंतर एक हजार से अधिक था। रिपोर्ट के अनुसार इन परिणामों में बिजली कटौती, मंत्रियों की विदेश यात्राओं और बाढ़ राहत सहायता में देरी जैसे मुद्दों पर एलडीएफ की ओर से वी. डी. सतीशन के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार की आलोचना का असर दिखाई दे सकता है। सत्ता में आने के बाद चार महीने के अपने कार्यकाल के दौरान यूडीएफ को इन मुद्दों के अलावा सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी सहित कई अन्य मामलों पर एलडीएफ के हमलों का लगातार जवाब देना पड़ा है।

इन मुद्दों को लेकर वाम मोर्चा खासतौर पर मुख्यमंत्री सतीशन को निशाना बनाता रहा है। उपचुनाव में कुल 58.81 प्रतिशत मतदान हुआ। कन्नूर में सबसे अधिक 84.55 प्रतिशत और कोट्टायम में सबसे कम 54.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उपचुनाव में कुल 1,82,160 लोगों ने मतदान किया, जिनमें 84,070 पुरुष और 98,090 महिलाएं शामिल थीं।

प्रमुख खबरें

UIICL ने बढ़ाई Administrative Officer भर्ती की लास्ट डेट, उम्मीदवार 1 अक्टूबर तक करें आवेदन

CJP को नाम बदलकर Istifa Janata Party कर लेना चाहिए, CEC विवाद पर बोले Ramdas Athawale

भगवान राम-शिव पर टिप्पणी से हिंदू समाज को बांट रहे CM Revanth Reddy, BJP ने मांगी माफी

एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर की लागत निकालने को AI मार्केट 6,000 अरब डॉलर पहुंचना जरूरी: Bain Report