केरल: रमेश चेन्निथला ने ईवीएम हैकिंग के दावों पर यूडीएफ की बैठक में चर्चा की खबरों को खारिज किया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026

कासरगोड (केरल), 27 जुलाई केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मीडिया में आईं उन खबरों को सोमवार को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया कि हालिया विधानसभा चुनावों के दौरान कासरगोड में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) हैकिंग के आरोपों को लेकर जिला स्तर पर हुई संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की एक बैठक में चर्चा हुई थी। हालांकि, कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने इस मामले की व्यापक जांच की मांग की है। चेन्निथला ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यूडीएफ के जिला चेयरमैन ने उन्हें सूचित किया है कि जिला समिति की बैठक के दौरान ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर सांसद शिकायत देते हैं, तो निश्चित रूप से इसकी जांच कराई जाएगी।’’ इसके तुरंत बाद, संवाददाता सम्मेलन में चेन्निथला के बगल में बैठे उन्नीथन ने इन आरोपों की व्यापक जांच की मांग करते हुए मंत्री को एक लिखित शिकायत सौंपी। उन्नीथन ने कहा, ‘‘सभी की मौजूदगी में, मैं गृह मंत्री को यह शिकायत सौंप रहा हूं और गहन जांच का अनुरोध कर रहा हूं।’’ उन्होंने कहा कि यदि ईवीएम हैकिंग के आरोप निराधार पाए जाते हैं, तो मीडिया को ऐसी जानकारी देने वालों को दंडित किया जाना चाहिए। हालांकि, अगर दावे सही पाए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास माना जाएगा।

उन्नीथन ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्तर पर कथित ईवीएम हैकिंग के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। इसलिए ऐसे प्रयासों को कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता।’’ शिकायत प्राप्त करते हुए चेन्निथला ने दोहराया कि आरोपों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘अब जब शिकायत मिल गई है, तो इसकी जांच जरूर की जाएगी।’’ इससे पहले, उन्नीथन ने हालिया विधानसभा चुनावों के संबंध में कासरगोड जिले में ईवीएम हैकिंग के कथित दावों को ‘‘गंभीर अपराध’’ करार दिया था।

उनकी यह टिप्पणी कासरगोड जिले के कांग्रेस नेता के खिलाफ लगे इन आरोपों की पृष्ठभूमि में आई है कि उन्होंने यूडीएफ के कुछ उम्मीदवारों से यह दावा करते हुए धन उगाही की थी कि उनके पास भाजपा के कथित ईवीएम हैकिंग के प्रयासों को विफल करने और विधानसभा चुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करने की तकनीक है।

प्रमुख खबरें

केरल: छात्र आत्महत्या मामले में कोर्ट ने डेंटल कॉलेज के प्रोफेसर को पांच दिन की अपराध शाखा की हिरासत में भेजा

भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित, सुरक्षा जांच के लिए डोडा पुल बंद

बिहार: छात्र आंदोलन के दौरान एके-47 का इस्तेमाल करने के आरोपी पुलिस कांस्टेबल निलंबित

फिल्म ‘रामायण’ का पहला भाग एक बेहद रोमांचक मोड़ पर खत्म होगा: निर्देशक नितेश तिवारी