तिरुवनंतपुरम में Pushpavathy के कंसर्ट पर रोक, मंत्री विष्णुनाथ ने निगम से पुनर्विचार मांगा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

केरलम के संस्कृति मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम नगर निगम से राज्य की राजधानी में ‘मानवीयम वीधि’ पर गायिका पुष्पवती के संगीत कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार करने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। यह संगीत कार्यक्रम शनिवार को ‘मानवीयम वीधि’ की रजत जयंती समारोह के तहत आयोजित किया जाना था। शहर का यह ‘सांस्कृतिक गलियारा’ नियमित रूप से कलात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है।

आयोजकों ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित नगर निगम ने बिना कोई वैध कारण बताए कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया जबकि उन्होंने निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार पुलिस और नगर निकाय के अधिकारियों को आवेदन दिए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निकाय और पुलिस ने हाल में इस आयोजन स्थल पर होने वाले कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाए हैं। विष्णुनाथ ने पत्रकारों से कहा कि पुष्पावती मलयालम की सबसे प्रतिभाशाली गायिकाओं में से एक हैं और वह केरल संगीत नाटक अकादमी की पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मानवीयम वीधि एक ऐसी जगह है जहां रचनात्मक गतिविधियां होती हैं। कलाकारों पर पाबंदियां लगाना और उन्हें वहां अपनी कला दिखाने के मौकों से वंचित करना सही नहीं है। निगम को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।’’ केरलम अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफके) से जुड़े अधिकारियों में हाल में किए गए बदलावों पर मंत्री ने कहा कि ये राज्य चलचित्र अकादमी के भीतर के आंतरिक प्रशासनिक प्रबंध हैं और इनसे महोत्सव के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

अकादमी ने उप निदेशक (महोत्सव) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एन. पी. सजीश और कार्यक्रम प्रबंधक (महोत्सव) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे रेजॉय के. जे. को कार्यमुक्त कर दिया था। कार्यक्रम प्रबंधक (कार्यक्रम) वी. पी. विमल कुमार को कार्यक्रम प्रबंधक (महोत्सव) का प्रभार सौंपा गया है। कार्यभार से मुक्त किए गए दोनों अधिकारी पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के कार्यकाल में कई वर्षों तक आईएफएफके से जुड़े रहे थे।

विष्णुनाथ ने कहा कि जिम्मेदारियों को सुव्यवस्थित करने के लिए ये बदलाव किए गए हैं और अब अकादमी में एक शासी निकाय होने के कारण सरकार उसके रोजमर्रा के कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘अकादमी के कामकाज में कोई बाधा नहीं आई है। इसके कर्मचारी और शासी निकाय एक टीम के रूप में काम कर रहे हैं और आईएफएफके की तैयारियां सुचारू रूप से आगे बढ़ रही हैं।’’ उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता, ‘मलयालम टुडे’ और भारतीय भाषा श्रेणियों के लिए फिल्मों का अंतिम चयन शुक्रवार को किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार अकादमी और उसके कर्मचारियों को पूरा सहयोग देगी। आईएफएफके का आयोजन 11 से 18 दिसंबर तक तिरुवनंतपुरम में होगा।

प्रमुख खबरें

Vaibhav Suryavanshi ने रचा इतिहास, Syed Mushtaq Ali Trophy में बने सबसे युवा T20 कप्तान

Haldwani में नाबालिग से दरिंदगी पर ABVP का कड़ा रुख, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

Rajasthan Panchayat Election: अंतिम चरण में दोपहर 1 बजे तक 39.15 फीसदी वोटिंग दर्ज

TMC सांसद Abhishek Banerjee सोशल मीडिया पोस्ट मामले में भवानीपुर थाने में पेश