Kerala के खेल आयोजन में खाने को लेकर अफवाह फैलाने वाला शिक्षक Kozhikode में गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026

केरलम में राज्य खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को परोसे गए भोजन में कीड़े मिलने का कथित तौर पर झूठा दावा करने के आरोप में एक शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान जिजो जेम्स के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जेम्स ने बुधवार को आरोप लगाया था कि प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को परोसे गए भोजन में कीड़े मिले हैं। उन्होंने इस कथित अनियमितता के संबंध में फेसबुक पर एक पोस्ट भी साझा की थी। अधिकारियों के मुताबिक, इस पोस्ट के बाद छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने विरोध मार्च निकाला।

आरोप सामने आने के बाद आयोजकों ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, जांच में भोजन में कीड़े मिलने का दावा झूठा पाया गया। खेल प्रतियोगिता के संयोजक पी. के. अरविंदन की शिकायत के आधार पर कुन्नमंगलम पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेम्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दंगा भड़काने के इरादे से उकसावा देने से संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया।

अधिकारियों ने बताया कि जेम्स ने शाम तक सोशल मीडिया से अपनी पोस्ट हटा दी थी। कुन्नमंगलम पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामला जमानती धारा के तहत दर्ज किया गया है, इसलिए शिक्षक को जमानत पर रिहा कर दिया जाएगा।

मामले की जांच जारी है।

प्रमुख खबरें

Kolkata Durga Puja Stampede Accident | अचानक बारिश, एग्जिट गेट पर महिलाओं की हिचकिचाहट और अफ़वाह बनीं 19 मौतों की मुख्य वजह

29 अक्टूबर का इतिहास: दिल्ली में 2005 के सिलसिलेवार बम धमाकों समेत देश दुनिया की प्रमुख घटनाएं

Cuba पर अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ UNGA प्रस्ताव का भारत ने किया समर्थन

पति की हिदायत बनी जान की दुश्मन: जब शादी बचाने की कोशिश में सो रहे सीनियर अकाउंटेंट पर टूटा पत्नी और प्रेमी का कहर!