सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की तैयारी करने के आरोप में केरल का छात्र कार्यकर्ता गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 08, 2025

 केरल के एक छात्र कार्यकर्ता और स्वतंत्र पत्रकार को यहां भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की तैयारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि केरल के एडापल्ली निवासी रेजाज़ एम. शीबा सिद्दीक (26) के साथ नागपुर में रहने वाली उसकी महिला मित्र को भी गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि लकड़गंज थाने के अधिकारियों ने बुधवार को सिद्दीक को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 149 (भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की तैयारी करना), 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसावे की कार्रवाई करना), 351 (आपराधिक धमकी) और 353 (सार्वजनिक उपद्रव के लिए उकसाने वाले बयान) के अलावा अन्य प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसकी मित्र नागपुर निवासी ईशा कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, उन्होंने उसके खिलाफ लगे आरोपों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स एसोसिएशन (डीएसए) की केरल राज्य समिति की सदस्य निहारिका प्रदौश ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि डीएसए से जुड़ा सिद्दीक दिल्ली से केरल लौट रहा था और इस दौरान एक मित्र से मिलने के लिए शहर आया था जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि वह मकतूब मीडिया और द ऑब्जर्वर पोस्ट जैसे मंचों के लिए लिखता था, जिनमें जातिगत भेदभाव, सांप्रदायिक हिंसा, राज्य दमन और हाशिए पर पड़े समुदायों के अधिकारों से संबंधित लेख शामिल हैं। प्रदौश ने बताया कि वह भारत में जेल में बंद पत्रकारों की रिहाई की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाग लेने के लिए दिल्ली गया था।

प्रमुख खबरें

14 साल के वैभव सूर्यवंशी बने राष्ट्रीय प्रेरणा, राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया बाल पुरस्कार

भारत के माहौल को जानबूझकर दूषित किया जा रहा है : क्रिसमस घटनाओं पर अभिषेक बनर्जी का केंद्र पर सीधा हमला

तिरुवनंतपुरम में ढहा वाम गढ़, भाजपा का पहला मेयर; केरल में बड़ा सियासी मोड़

Winter Skin Care: बिना मेकअप के पाएं ग्लोइंग स्किन, स्किनिमलिज्म से सर्दियों में निखारें त्वचा