By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 02, 2026
भारत की राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील का मानना है कि पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील और दो बार के विजेता उरुग्वे के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेलना सपना सच होने जैसा है और यह भारतीय फुटबॉल के लिए ‘टर्निंग प्वाइंट’ साबित होगा। जमील का मानना है कि इन मैच से भारत को अगले साल होने वाले एशिया कप क्वालीफायर की तैयारी में मदद मिलेगी। उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘ यह भारतीय फुटबॉल के लिए ‘टर्निंग प्वाइंट’ होगा।
उससे पहले हमारा सामना मजबूत टीमों से होगा। यह भारतीय फुटबॉल के लिए बहुत अच्छी बात है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत इन मैचों से नया इतिहास रचेगा। अगर कोई नकारात्मक बातें करता है, तो उसे चुप रहना चाहिए।
हमें प्रशंसकों के समर्थन की जरूरत है। मुझे लगता है कि अगर दर्शक भारत का शत प्रतिशत समर्थन करेंगे तो खिलाड़ी प्रेरित होंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’’ जमील ने ब्राजील और उरुग्वे जैसी शीर्ष टीमों के साथ खेलने का महत्व के बारे में भी बात की।। उन्होंने कहा, ‘‘यह खिलाड़ियों और सभी के लिए बहुत उपयोगी है।
यह एक प्रेरणा है। यह एक कदम है और अगला कदम यह होना चाहिए कि हमें आत्मविश्वास हासिल करने के लिए इस तरह के अधिक से अधिक मैच खेलने होंगे।’’ जमील ने खिलाड़ियों के बारे में कहा कि उन्हें फिटनेस और आत्मविश्वास बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ी इन मैच में खेलने के लिए बहुत उत्सुक हैं।
हम जानते हैं कि उनकी टीम में बेहतर हैं। इसलिए हमें सतर्क रहना होगा। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि खिलाड़ियों की फिटनेस अच्छी होनी चाहिए।’’ मुख्य कोच ने कहा, ‘‘हम जिन खिलाड़ियों को टीम में शामिल करें, वे फिट होने चाहिए।
दूसरी बात यह है कि हम अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे हैं। इसलिए हमें खुद पर भरोसा होना चाहिए। हम कोलकाता में अपने दर्शकों के सामने खेलेंगे।
हमें उनका समर्थन मिलना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक खिलाड़ी को फिट और आत्मविश्वास से परिपूर्ण होना चाहिए। रक्षात्मक और आक्रामक दोनों तरह का खेल खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। हमें समझदारी से काम लेना होगा।
इन मैच में खिलाड़ियों पर दबाव रहेगा। हम ब्राज़ील के अलावा उरुग्वे और पनामा के खिलाफ भी खेलेंगे। यह बहुत अच्छी पहल है।’’ जमील ने कहा, ‘‘हमारे खिलाड़ियों को अच्छे समर्थन की जरूरत है और हमें उन पर भरोसा रखना चाहिए।
मैंने खिलाड़ियों का चयन उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर किया है। यह एक संतुलित टीम है।