अपहृत बच्ची 24 घंटे के अंदर नवी मुंबई से बरामद, आरोपी महिला गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 01, 2025

महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित पनवेल रेलवे स्टेशन के बाहर से अगवा की गई तीन माह की बच्ची को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल तलाश लिया और इस घटना के संबंध में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पनवेल शहर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्ची को उस समय अगवा कर लिया जब वह अपनी मां के साथ स्टेशन के बाहर थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम गठित कीं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने स्टेशन के आसपास के क्षेत्र का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जिसमें एक महिला को बच्ची को लेकर पुणे जाने वाली ट्रेन में सवार होते हुए देखा गया।

इसके बाद पुलिस ने करजत, लोनावला, दौण्ड और पुणे के अन्य स्थानों पर टीम रवाना कीं। बाद में पुलिस को पता चला कि संदिग्ध महिला लोनावला से वापस पनवेल लौट आई है। शनिवार को पुलिस ने कलंबोली अग्निशमन केंद्र के पास महिला को बच्ची के साथ देखा और तुरंत उसे पकड़ लिया।

अधिकारी ने बताया कि बच्ची को सकुशल उसकी मां को सौंप दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान रोशनी विनोद वागेश्री (35) के रूप में हुई है जो पनवेल रेलवे स्टेशन के सामने स्थित झोपड़पट्टी में रहती है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रमुख खबरें

Meerut में बच्ची से दुष्कर्म के लिए व्यक्ति को 10 साल की सजा

पासपोर्ट प्राधिकरण नवीनीकरण के लिए यात्रा कार्यक्रम नहीं मांग सकता : Supreme Court

Banda में अज्ञात हमलावरों ने किसान को गोली मारी, हालत नाजुक

Delhi High Court ने Mahua Moitra के खिलाफ लोकपाल के आदेश को रद्द किया