King Charles III ने जर्मन संसद को संबोधित किया, चांसलर शोल्ज से की मुलाकात

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2023

महाराज चार्ल्स तृतीय बृहस्पतिवार को जर्मनी की संसद बुंडेस्टैग को संबोधित करने वाले ब्रिटेन के पहले राष्ट्र प्रमुख बन गए। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित अपनी यात्रा के दौरान जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज से भी मुलाकात की। खचाखच भरे निचले सदन में सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए चार्ल्स ने ब्रिटेन और जर्मनी के बीच घनिष्ठ संबंधों पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने हनोवर के राजघराने से अपने पारिवारिक संबंध और वर्तमान आर्थिक, वैज्ञानिक, सांस्कृतिक तथा दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग का जिक्र किया।

चार्ल्स ने कहा कि रूस के आक्रमण को रोकने के प्रयासों में लंदन और बर्लिन ने यूक्रेन को काफी सहायता प्रदान की है। चार्ल्स ने जब अपना संबोधन समाप्त किया, तो सांसदों ने काफी समय तक खड़े होकर तालियां बजाईं, जो जर्मनी की संसद में शायद ही कभी देखा गया हो। चार्ल्स (74) ब्रिटेन की राजगद्दी पर आसीन होने के बाद बुधवार को पहली विदेश यात्रा पर बर्लिन पहुंचे और उनके साथ रानी कैमिला भी हैं। जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टेनमीयर और लोगों की भीड़ ने राजधानी स्थित ऐतिहासिक ब्रांडेनबर्ग गेट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद चार्ल्स तृतीय के सम्मान में राष्ट्रपति महल में शाही भोज का आयोजन किया गया। गौरतबल है कि यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद ब्रिटेन की सरकार यूरोप के साझेदारों के साथ संबंधों को नए सिरे से प्रगाढ़ बनाने की कोशिश कर रही है।

प्रमुख खबरें

बंगाल में PM मोदी ने वंदे मातरम को कहा राष्ट्रीय जागरण मंत्र, विवाद के बीच दिया बड़ा संदेश

Putrada Ekadashi 2025: पुत्रदा एकादशी पर शिव के महामंत्र मिटाएंगे हर दुख; मिलेगी संतान और धन-समृद्धि!

West Bengal: पीएम मोदी का TMC पर तीखा हमला: वोट बैंक के लिए घुसपैठियों की ढाल बनी ममता सरकार

T20 World Cup 2026: सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया का ऐलान, गिल बाहर, ईशान किशन की सरप्राइज एंट्री