पुडुचेरी सरकार के काम में दखल दे रही हैं किरण बेदीः आप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 06, 2016

आम आदमी पार्टी (आप) ने आज आरोप लगाया कि पुडुचेरी की उप-राज्यपाल किरण बेदी वहां की सरकार के कामकाज में ‘‘दखलंदाजी’’ कर रही हैं। पार्टी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार पुडुचेरी में भी वही तौर-तरीके अपना रही है, जो दिल्ली में अपना रही है। ‘आप’ के नेता संजय सिंह ने आरोप लगाया कि हाल ही में पुडुचेरी की उप-राज्यपाल नियुक्त की गईं बेदी इस केंद्रशासित प्रदेश के कामकाज में इस कदर दखल देती हैं कि वह परियोजनाओं से जुड़े आदेश भी जारी कर देती हैं।

 

बेदी पर निशाना साधते हुए ‘आप’ के विधायक और दक्षिणी राज्यों में पार्टी के प्रभारी सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि मोदी ने ऐसे लोगों को उप-राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया है, जो मुख्यमंत्री बनना चाहते थे लेकिन बन नहीं सके। संजय सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘किरण बेदी जी ने कहा है कि पुडुचेरी में उनके रिट चलते हैं। वह वॉट्सऐप ग्रुपों और ट्विटर पर संदेश देती हैं। पुलिस प्रमुख सहित अन्य अधिकारियों को तलब किया जाता है और कहा जाता है कि उन्हें उनकी बात सुननी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी की सरकार लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर खतरा बन गई है और उसे चुनी हुई सरकारों में कोई विश्वास नहीं है।’’

 

‘आप’ नेता ने मांग की कि संसद को इस पर गौर करना चाहिए और देश के संघीय ढांचे की मजबूती के लिए एक ठोस कानून पारित करना चाहिए। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि पुडुचेरी के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी नारायणसामी ने आज जोर देकर कहा कि उनकी सरकार और उप-राज्यपाल किरण बेदी के बीच किसी तरह के मतभेद नहीं हैं। नारायणसामी ने कहा, ‘‘उप-राज्यपाल और सरकार के बीच कोई मतभेद नहीं है।’’

 

बहरहाल, ‘आप’ नेता भारती ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में किसी और भाषा में बात करती है, लेकिन पुडुचेरी में उसे उन्हीं मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जिनसे राष्ट्रीय राजधानी में ‘आप’ सरकार जूझ रही है।

 

प्रमुख खबरें

US H-1B वीज़ा में बड़ा फेरबदल: अब लॉटरी नहीं, स्किल और सैलरी तय करेगी किस्मत

बांग्लादेश में हिंसा भड़की, भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ा अविश्वास, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

Carabao Cup: पेनल्टी में केपा का जादू, आर्सेनल फाइनल की दौड़ में, चेल्सी के खिलाफ अगला मैच

Bharat Coking Coal का IPO जल्द, कोल इंडिया 10% हिस्सेदारी बेचेगी, 1300 करोड़ की होगी डील