By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 23, 2026
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू के बीच फिटनेस को लेकर हल्की-फुल्की नोक-झोंक अकसर चलती रहती है और इसी कड़ी में भाजपा नेता ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को अरुणाचल प्रदेश की तेज बहाव वाली नदियों में तैरने के लिए प्रशिक्षण की जरूरत पड़ सकती है। रीजीजू ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं यहां का खिलाड़ी हूं।’’ रीजीजू ने अरुणाचल प्रदेश की एक नदी में तैरते हुए अपना वीडियो पोस्ट साझा किया। उन्होंने इसके साथ लिखा, ‘‘कई लोग कह रहे हैं कि मैं भी राहुल गांधी की तरह यह सब कर रहा हूं।
नदी में कई लोग डूब चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश की नदियां बहुत बड़ी और गहरी हैं।’’ रीजीजू ने बाद में एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बताया कि अरुणाचल की नदियों में तैरना, तरण-ताल या शांत पानी में तैरने से कैसे अलग है। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों को लग सकता है कि अरुणाचल प्रदेश की तेज बहती नदियों में तैरना, तरण-ताल या यमुना जैसी नदियों में तैरने जैसा ही है।
लेकिन ऐसी तेज़ बहाव वाली नदियों में हमारा सिर ऊपर होना चाहिए, नीचे नहीं; और शरीर ऊपर की ओर ज़्यादा सीधा होना चाहिए, न कि वैसा सीधा जैसा हम तैराकी की प्रतियोगिताओं में रखते हैं। मैं यहां का खिलाड़ी हूं।’’ रीजीजू ने कुछ लोगों द्वारा उनकी तुलना राहुल गांधी से किये जाने के बाद अरुणाचल प्रदेश में अपने बचपन का जिक्र करते हुए जवाब दिया। पिछले साल दिसंबर में, रीजीजू ने इंस्टाग्राम पर संसद में राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो पोस्ट किया था।
मंत्री ने कहा था, ‘‘राजनीति की बात नहीं, केवल फिटनेस की बात। मुझे उम्मीद है कि वह ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को बढ़ावा देंगे।’’ खबरों के मुताबिक बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने रीजीजू से उनके व्यायाम की दिनचर्या के बारे में पूछा और उन्हें अपने साथ व्यायाम करने का प्रस्ताव किया। उनकी बातचीत मार्शल आर्ट्स पर भी हुई, जिसमें गांधी ने सुझाव दिया कि दोनों साथ में प्रशिक्षण लें।
राहुल गांधी ने फरवरी में बजट सत्र के दौरान लोकसभा में अपने भाषण के दौरान रीजीजू के साथ हुई बातचीत का फिर से जिक्र किया था। रीजीजू ने जब जून में राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी थी, तब भी इस तरह के संवाद का सिलसिला जारी रहा। जवाब में राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘किरेन रीजीजू, बधाई के लिए धन्यवाद।
हम अपना जीजित्सू सत्र कब कर रहे हैं।