हैदराबाद में इटली के नेता ने लगाया 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा, Rahul Gandhi के ताली बजाने पर भड़के Kiren Rijiju

By एकता | Nov 15, 2026

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तंज कसा है। हैदराबाद में हुए 'भारत समिट 2026' के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से कांग्रेस का नारा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' लगाया था। इस नारे को सुनकर राहुल गांधी हंसते और ताली बजाते नजर आए, जिस पर अब सियासी बवाल मच गया है।

रिजिजू ने विदेशी नागरिक के बयान पर हंसने को लेकर उठाए सवाल

पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक के इस बयान की भाजपा और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने कड़ी आलोचना की है। दोनों दलों ने इसे भारत के अंदरूनी मामलों में विदेशी दखल बताया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिना नाम लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राहुल गांधी के इस रवैये पर सवाल उठाए।

रिजिजू ने अपनी पोस्ट में लिखा, "क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है जब कोई विदेशी भारत का अपमान कर रहा हो? मैं यह नहीं पूछ रहा हूं कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।"

इसे भी पढ़ें: Chhath Puja पर सोमवार को सुबह 4:30 बजे से चलेगी Delhi Metro, यमुना घाटों के आसपास ट्रैफिक पाबंदियां भी लागू

इटली के नेता ने मंच से की राहुल गांधी की तारीफ

'भारत समिट' में लोगों को संबोधित करते हुए जियाकोमो फिलिबेक ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ राहुल गांधी के अभियान का समर्थन किया। उन्होंने "एक व्यक्ति, एक वोट" के नियम को बचाने के लिए राहुल की तारीफ की।

फिलिबेक ने मंच से कहा, "राहुल गांधी ने एक सीधे से नियम को बचाया है जिस पर हर लोकतंत्र टिका होता है, और वह है एक व्यक्ति, एक वोट। साफ-सुथरी और पारदर्शी मतदाता सूची के लिए उनका अभियान और दो हफ्ते पहले रामलीला मैदान तक उनके साथ मार्च करने वाले हजारों लोग हमें याद दिलाते हैं कि लोकतंत्र अपने आप नहीं मिलता, बल्कि इसे वे लोग बचाते हैं जो इसके लिए खड़े होने को तैयार रहते हैं। वोट चोर, गद्दी छोड़।"

इसे भी पढ़ें: Ajit Pawar की प्रतिमा के अनावरण से पहले Rohit Pawar ने कर दी दो बड़ी मांगें

अंग्रेजी में भी दोहराया नारा, भारत में लोकतंत्र पर खतरे का किया दावा

इटली के इस नेता ने इस नारे को अंग्रेजी में भी दोहराते हुए कहा, "वोट थीफ, लीव योर सीट।" उन्होंने दो हफ्ते पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में हुए विपक्ष के मार्च का जिक्र किया और आधुनिक भारत की लोकतांत्रिक नींव रखने का श्रेय कांग्रेस को दिया।

इस सम्मेलन में शामिल होने का बचाव करते हुए फिलिबेक ने कहा कि लोकतंत्र के सामने आ रही चुनौतियों पर दुनिया भर का ध्यान खींचने के लिए ऐसे आयोजन बहुत जरूरी हैं। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि चिंताजनक चुनौतियों की तरफ अंतरराष्ट्रीय ध्यान खींचने के लिए इस तरह के सम्मेलन बहुत अहम हैं। भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और हमें इसे बचाने की जरूरत है। इसे बचाने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और भारतीय कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ा होना है।" उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और दुनिया भर के कई राजनीतिक आंदोलन एक ऐसे गठबंधन का हिस्सा हैं जो सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और लोकतंत्र में भरोसा रखता है।

प्रमुख खबरें

Amarass Records लाएगा संगीत पर्यटन, उत्तराखंड में ‘हिमालयन बैठक’ और राजस्थान में ‘थार ब्लूज’ का ऐलान

सीआरपीएफ ने Sukma से एक हजार जवानों की बटालियन वापस बुलाकर Manipur भेजी

Ajit Pawar की प्रतिमा के अनावरण से पहले Rohit Pawar ने कर दी दो बड़ी मांगें

UP में तीसरी बार सरकार बनने पर युवाओं को ताबड़तोड़ नौकरियां देगी BJP: Yogi Adityanath