By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 27, 2023
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सोमवार को बायें हाथ के बल्लेबाज नीतिश राणा को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी चरण के लिए टीम का नया कप्तान चुना। राणा इससे श्रेयस अय्यर की जगह लेंगे जिनके पीठ की सर्जरी कराने की संभावना है जिससे उनके पूरे सत्र से बाहर रहने का खतरा मंडरा रहा है। बल्कि केकेआर के बयान से साफ संकेत मिलता है कि अय्यर के जल्दी वापसी करके खेलने की संभावना असंभव दिखती है। केकेआर के बयान के अनुसार, ‘‘श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में नीतिश राणा टीम के कप्तान होंगे।
उन्होंने कहा ,‘‘ मेरे लिये नेतृत्व क्षमता दिखाने का यह सुनहरा मौका है और मैं खुद ही नहीं बल्कि टीम से भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की कोशिश करूंगा। मैं श्रेयस को जल्दी ठीक होने के लिये शुभकामना देता हूं।’’ राणा ने सैयद मुश्ताब अली ट्राफी में दिल्ली की कप्तानी की थी। हालांकि इस रणजी सत्र में उन्हें दिल्ली की टीम से उनके खराब प्रदर्शन के कारण बाहर कर दिया गया था। राणा ने सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में दिल्ली के 12 टी20 मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली है जिसमें टीम को आठ में जीत और चार में हार मिली। केकेआर की टीम एक अप्रैल को अपने अभियान की शुरूआत पंजाब किंग्स के खिलाफ करेगी।