KL Rahul के 13वें शतक से भारत मजबूत, चाय तक दो विकेट पर बनाए 344 रन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026

सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के 13वें शतक और देवदत्त पडिक्कल के साथ उनकी शतकीय साझेदारी की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां चाय के विश्राम तक दो विकेट पर 344 रन बनाए। राहुल चाय के विश्राम के समय वह 124 रन पर जबकि कप्तान शुभमन गिल 36 रन पर खेल रहे थे। पडिक्कल ने 80 रन की आकर्षक पारी खेली।

काइल जैमीसन ने उनका रक्षण भेदकर उन्हें बोल्ड किया। न्यूजीलैंड को पहले दो सत्र में यह एकमात्र सफलता मिली। भारत इस तरह से अब न्यूजीलैंड से केवल 24 रन पीछे है जिसने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे।

राहुल ने लंच के बाद जैकब डफी की गेंद पर शॉर्ट कवर में एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया। इस तरह से वह मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली के बाद सेना (एसईएनए - दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने अब तक अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया है।

राहुल ने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी करने के बाद पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े। न्यूजीलैंड में खेले गए टेस्ट मैचों में यह केवल तीसरा अवसर है जबकि मेहमान टीम ने पहले दो विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की है। पडिक्कल ने 175 गेंदें खेलीं और 10 चौके लगाए।

वह अपना तीसरा लगातार टेस्ट शतक बनाने की ओर अग्रसर थे, लेकिन तभी जैमीसन ने ऑफ-स्टंप को निशाना बनाकर गेंद फेंकी जिसे बाएं हाथ के बल्लेबाज ने लाइन के अंदर खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनके बल्ले के बाहरी किनारे से तेजी से निकलकर ऑफ-स्टंप की गिल्ली गिरा दी। गिल आते ही आक्रामक बल्लेबाजी करने लगे और उन्होंने ऑन-साइड पर कुछ शानदार चौके लगाए। लंच से पहले अंतिम ओवरों में राहुल ने ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का लगाया।

यह भारतीय पारी का पहला छक्का था। उन्होंने फिलिप्स के अगले ओवर में कवर क्षेत्र में चौका लगाकर अपना स्कोर 90 रन के पार पहुंचाया। भारत ने सुबह एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया तथा बेंगलुरु के दोनों बल्लेबाजों राहुल और पडिक्कल को पिच से किसी तरह की परेशानी नहीं हुई जो टेस्ट के पहले दिन से ही बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी हुई है।

प्रमुख खबरें

Donald Trump का दुनिया के लिए बड़ा अलर्ट! परमाणु शक्ति में होगा उलटफेर! 2030 तक 1,000 से ज्यादा होंगे परमाणु हथियार

Manipur के चंदेल में संदिग्ध जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, 300 से अधिक अस्पताल में भर्ती

Donald Trump का दावा: अगले 10 साल में Nuclear Weapons के मामले में बराबरी कर लेगा चीन

Qatar में हिरासत में बंद पूर्व नौसेना अधिकारी Purnendu Tiwari के स्वास्थ्य पर विदेश मंत्रालय ले रहा जानकारी