KL Rahul की बहुमुखी प्रतिभा पर बोले Sitanshu Kotak, टेस्ट और ODI में टीम के अहम खिलाड़ी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 09, 2026

 भारतीय टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने टीम की जरूरतों के अनुसार खुद को ढालने की लोकेश राहुल की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभवी बल्लेबाज टीम के लिए बेहद अहम है और चुनौतीपूर्ण पिचों पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित कर चुका है। राहुल टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाने में सक्षम हैं जबकि एकदिवसीय प्रारूप में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं और पारी के अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा सकते हैं। 50 ओवर के क्रिकेट में वह बहुत कम मौकों पर नाकाम रहे हैं और कोटक का ध्यान भी इस ओर गया है। 

कोटक ने मंगलवार को यहां सेडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘मुझे लगता है कि लोकेश राहुल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह लाल गेंद के क्रिकेट में पारी का आगाज कर सकते हैं और सफेद गेंद के क्रिकेट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर वह आखिरी पांच ओवर में भी तेजी से रन बना सकते हैं। वहां भी उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा है। वह टीम की जरूरतों के अनुसार खेलते हैं।’’ कोटक ने राहुल के प्रदर्शन में निरंतरता और मौका मिलने पर उपयोगी योगदान देने की क्षमता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राहुल ने शायद ही कभी टीम को निराश किया है।

 वेलिंगटन में दूसरे एकदिवसीय के दौरान मुश्किल पिच पर राहुल की नाबाद 26 रन की पारी ने एक बार फिर ऐसे बहुमुखी बल्लेबाज के रूप में उनकी अहमियत साबित की जो परिस्थितियों की मांग के अनुसार अपना खेल बदल सकता है। कोटक ने कहा, ‘‘जब से मैं टीम के साथ जुड़ा हूं मुझे ऐसे ज्यादा मैच याद नहीं आते जिनमें राहुल को बल्लेबाजी का मौका मिला हो और उन्होंने योगदान नहीं दिया हो। 

उन्होंने कुछ अविश्वसनीय पारियां खेली हैं और वह कभी दबाव में नजर नहीं आते।’’ मुश्किल परिस्थितियों में राहुल के असाधारण धैर्य पर सहायक कोच ने कहा कि क्रीज पर उनका शांत स्वभाव उनकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है। कोटक ने कहा, ‘‘अगर आप ध्यान दें तो मैंने राहुल को कभी दबाव में नहीं देखा। वह हमेशा काफी स्थिर नजर आते हैं। ज्यादातर मौकों पर, बल्कि लगभग हर बार, उन्होंने टीम को निराश नहीं किया है।’’

प्रमुख खबरें

वो एक पासा जो पलट देगा पूरी बाजी! UP में नए सर्वे से अखिलेश या योगी कौन खुश होंगे बहुत?

OALP 10 और OALP 11 में Bidding की तारीख बढ़ी, अब 10 दिसंबर तक जमा होंगी बोलियां

दीपावली बाद Delhi में बढ़ा Air Pollution, पराली और सियासत सहित देश-दुनिया की बड़ी खबरें

Rohit Sharma की फॉर्म पर नजर, New Zealand के खिलाफ तीसरे ODI में उतरेगा भारत