जानें कब है सोमवती अमावस्या, इस दिन पूजा कर दान का है विशेष महत्व

By रितिका कमठान | Jan 24, 2024

हिंदू धर्म ग्रंथों के अनुसार सबसे अहम अमावस्या मौनी अमावस्या मानी जाती है, जो इस वर्ष नौ फरवरी शुक्रवार को मनाई जाएगी। मौनी अमावस्या के बाद सोमवती अमावस्या मनाई जाएगी जो बेहद महत्वपूर्ण होगी। सोमवती अमावस्या पर पूजा करने और दान करने का खास महत्व होता है। सोमवती अमावस्या के दिन देश की पवित्र नदियों में दान करने का भी विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन व्यक्ति को क्षमता के अनुरूप ही दान पुण्य करना चाहिए।

 

सोमवती अमावस्या के दिन व्रत रखने का खास महत्व बताया गया है। इस दिन माता पार्वती और शिवजी की पूजा की जाती है। उनकी कृपा मिलने से दांपत्य जीवन में मधुरता आती है। पति-पत्नी को माता पार्वती और भोले शंकर का आशीर्वाद मिलता है तो उनका जीवन सुखमय होता है। इस वर्ष सोमवती अमावस्या आठ अप्रैल को होने वाली है। ये अमावस्या चैत्र माह में कृष्ण पक्ष की अमावस्या होगी। दरअसल जो अमावस्या सोमवार के दिन होती है उसे ही सोमवती अमावस्या कहा जाता है। बता दें कि जो अमावस्या मंगलवार के दिन होती है उसे भौमवती अमावस्या और शनिवार को पड़ने वाली अमावस्या को शनैश्चरी अमावस्या या शनि अमावस्या कहा जाता है।

 

सोमवती अमावस्या इस वर्ष आठ अप्रैल को पड़ने वाली है। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करने और दान करने का विशेष महत्व बताया गया है। ब्रह्म मुहूर्त में यानी 4.42 बजे से 5.18 बजे तक स्नान करना बेहद शुभ होगा। इस दौरान पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी भी लगाई जाएगी। इस बार सौमवती अमावस्या के मौके पर सुबह के समय इंद्र योग और उत्तर भाद्रपद नक्षत्र होगा।

 

ये है पूजा की विधि

सोमवती अमावस्या के दिन सुबह ही स्नान करना चाहिए। इस दिन दान देने का संकल्प भी लेना चाहिए। भगवान शिव और पार्वती की पूजा करनी चाहिए। भगवान शिव को अक्षत्, बेलपत्र, भांग, मदार, धूप, दीप, शहद, नैवेद्य अर्पित करना चाहिए। इसके बाद माता पार्वती को 16 श्रृंगार की सामग्री, अक्षत, फूल, फल, धूप, दीप, अर्पित करना चाहिए। इसके बाद शिव चालीसा और पार्वती चालीसा का पाठ कर दोनों की आरती करनी चाहिए।

 

जानें इस अमावस्या का महत्व

सोमवती अमावस्या के दिन व्रत रखने से भगवान शिव और पार्वती की पूजा करना विशेष कर फलदायी होता है। पूजा करने से सभी संकट दूर होते है। इस दिन पूजा करने से सभी पापों से भी मुक्ति मिलती है। वैवाहिक जीवन में आने वाली समस्याओं से भी छुटकारा मिलता है। 

प्रमुख खबरें

भारत में परमाणु ऊर्जा क्षेत्र निजी कंपनियों के लिए खुला, संसद से नया कानून पास

Bangladesh: शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा, भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर असर

निफ्टी और सेंसेक्स में चार दिन बाद तेजी, वैश्विक संकेतों से बाजार को सहारा

Adani Group का बड़ा दांव: एयरपोर्ट कारोबार में पांच साल में ₹1 लाख करोड़ निवेश की योजना