Kochi Mercedes Crash: जज के नाबालिग बेटे पर गैर-इरादतन हत्या का केस, दोबारा हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 26, 2026

केरलम में अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश के 17 वर्षीय बेटे द्वारा चलाई जा रही कार से हुई टक्कर में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के विरोध प्रदर्शन के बाद नाबालिग आरोपी को दोबारा हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले जमानत पर रिहा कर दिया गया था लेकिन बाद में उसके खिलाफ अधिक गंभीर आरोप लगाए गए।

पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे खानपान की दुकान चलाने वाले जयबालकृष्णन दुर्घटना के समय अपने स्कूटर से घर लौट रहे थे। पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया था। रविवार शाम तक आरोपी को थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद चेरानेल्लूर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। मृतक के बेटे और बेटी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आरोपी को हिरासत में लेने और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की मांग की। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 105 (हत्या की श्रेणी में न आने वाली गैर-इरादतन हत्या) लगाई गई।

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि नाबालिग लड़का कार तेज गति से चला रहा था और इससे पहले भी इसी तरह वाहन चलाया करता था। इसके बाद अधिक गंभीर आरोप लगाने का निर्णय लिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान जयबालकृष्णन की बेटी बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अधिक लोगों के जुटने के बाद पुलिस ने आरोपी को दोबारा हिरासत में लेने का निर्णय लिया। देर रात पुलिस न्यायाधीश के आवास पर पहुंची, जहां उसने उनके बेटे को हिरासत में लिया और फिर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जिसने उसे जमानत दे दी। हालांकि, कार्यवाही पूरी होने के बाद मृतक के परिजन वहां से चले गए लेकिन उन्होंने नाबालिग बेटे को वाहन चलाने देने के आरोप में न्यायाधीश के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।

पुलिस के अनुसार, मामले में कानूनी राय मांगी गई है कि क्या न्यायाधीश पर आरोप तय किए जा सकते हैं या नहीं, इसपर सोमवार को फैसला लिया जाएगा।

प्रमुख खबरें

माई डियर फ्रेंड...ग्लोबल साउथ पर मिलकर करेंगे काम, लूला की जीत से भारत-ब्राजील रिश्तों को मिलेगी नई धार, PM मोदी ने दी बधाई

Ishan Kishan वेलिंगटन T20I से बाहर, Suryakumar Yadav का रिकॉर्ड तोड़ने का इंतजार बढ़ा

Karwa Chauth पर Pregnant महिलाएं पी सकती हैं पानी, ज्योतिषी ने बताएं व्रत के नियम

North East Delhi में भरभराकर गिरी इमारत, मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत