By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
केरल के कोच्चि में कथित तौर पर एक आपराधिक गिरोह ने चाकू से हमला कर दो पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि नजारक्कल थाने के उपनिरीक्षक जितिन और कांस्टेबल राजेश मंगलवार देर रात एक निजी बस के कर्मचारियों पर हमले की सूचना मिलने के बाद एलनकुन्नापुझा स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे, जहां उन पर हमला किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपियों को जल्द ही पेट्रोल पंप ले जाया जाएगा और उनकी गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की जाएगी। घायल हुए दो पुलिसकर्मियों में से एक अब भी अस्पताल में भर्ती है जबकि दूसरे को बुधवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अलुवा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. एस. सुदर्शन ने कहा कि पुलिस विभाग इस घटना को गंभीरता से ले रहा है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जांच में इस बात का भी पता लगाया जाएगा कि आरोपियों ने नशीले पदार्थों का सेवन तो नहीं किया था।