कोहली की कप्तानी को खतरा नहीं लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम में बढा फैब फोर का कद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 20, 2021

नयी दिल्ली। एडीलेड से ब्रिसबेन तक बहुत कुछ बदल गया। छत्तीस रन पर सिमटने की शर्मिंदगी से गाबा का ‘किला फतह’ करने के बीच भारतीय क्रिकेट के युवा रणबांकुरों ने जज्बे, जीवट और जुझारूपन की नयी परिलिखी जिसे पूरी दुनिया ने सलाम किया। इस जीत ने भारतीय ड्रेसिंग रूम के समीकरण भी कुछ हद तक बदल दिये। प्रतिकूल परिस्थितियों में भारत को ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला में ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे को टेस्ट टीम का कप्तान बनाने की मांग भले ही उठ रही हो लेकिन हकीकत यह है कि निकट भविष्य में किसी प्रारूप में विराट कोहली की कप्तानी को खतरा नहीं है हालांकि इस ऐतिहासिक जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में सीनियर खिलाड़ियों का कद जरूर बढ जायेगा। कोहली एक महीने के पितृत्व अवकाश के बाद इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के जरिये टीम में वापसी करेंगे। जब कोहली आस्ट्रेलिया से रवाना हुए तब एडीलेड में 36 रन पर सिमटने की शर्मिंदगी झेल रहे भारतीयों के सिर शर्म से झुके थे लेकिन ब्रिसबेन तक आते आते हालात पूरी तरह बदल गए। 

इसे भी पढ़ें: रहाणे ने कप्तानी पर कहा, सबके योगदान के कारण सफल रहा

जल्दी ही 400 टेस्ट विकेट पूरे करने जा रहे अश्विन ने उस समय भी सीनियर खिलाड़ी की जिम्मेदारी बखूबी निभाई थी जब मोहम्मद सिराज को नस्लीय टिप्पणियों का शिकार होना पड़ा। अश्विन ने सिडनी में उस घटना के बाद कहा था ,‘‘ जब सिराज ने हमें यह बताया तो मैने, रोहित और अजिंक्य ने फैसला किया कि मैच रैफरी के पास इसकी शिकायत की जाये।’’ पुजारा ने ब्रिसबेन टेस्ट में आस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के दिये प्रहार झेले और यही वजह है कि कोच रवि शास्त्री ने उन्हें ‘ वारियर’ करार दिया। रोहित चार पारियों में से तीन में सहज दिखे और सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को उनकी मौजूदगी का काफी फायदा मिला। रोहित सीमित ओवरों के धुरंधर है लेकिन टेस्ट क्रिकेट की उनके लिये अहमियत का अनुमान इसी से हो जाता है कि दो टेस्ट खेलने के लिये वह सिडनी में कड़े पृथकवास में रहे। उन्होंने स्लिप में पांच कैच लपके और कई फैसलों में उनकी अहम भूमिका रही। अब टीम की अगली बैठक में इन चारों सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका भी बराबरी की रहेगी और कप्तान को उनकी राय गंभीरता से सुननी होगी।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर