Abhishek Banerjee के Kolkata दफ्तर वाली इमारत के तीन फ्लोर खाली करने का आदेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 04, 2026

कोलकाता, चार सितंबर पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग ने तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी का कार्यालय जिस इमारत में है उसके भूमिगत और दो अन्य तलों को अग्नि सुरक्षा उपायों की कमी का हवाला देते हुए शुक्रवार को खाली करने का आदेश दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में तोड़-फोड़ के एक दिन बाद हुई।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’को बताया, ‘‘ऊंची इमारत के भूमिगत तल में अग्निसुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं मिली। इसके बाद, हमने इमारत के मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया और जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया।’’ उन्होंने बताया, ‘‘जवाब देने की समयसीमा समाप्त होने के बावजूद कोई उत्तर नहीं मिला, इसलिए हमने उन्हें इमारत के भूमिगत तल, छठी और सातवीं मंज़िल को खाली करने का नोटिस भेजा। अगर किसी इमारत के भूमिगत तल में आग से सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं, तो आग लगने की स्थिति में यह एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।’’ अधिकारी ने कहा कि परिसर के लिए पूर्व में जारी अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र की मियाद 10 अगस्त को समाप्त हो गई थी और उसका नवीनीकरण नहीं कराया गया था।

इमारत के मालिक को शुक्रवार को भेजे गए नोटिस में विभाग ने कहा कि जब तक कमियों को ठीक नहीं किया जाता और अग्नि सुरक्षा को लेकर वैध प्रमाण पत्र प्राप्त जारी नहीं होता, तब तक भूमिगत तल और छठी व सातवीं मंज़िल का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने सोमवार को इमारत में आग से सुरक्षा के इंतजामों की हर मंजिल पर जांच की थी। नोटिस के अनुसार, जांच में सातवीं मंजिल पर आग बुझाने के अपर्याप्त इंतजाम, आग लगने पर बाहर निकलने का कोई तय रास्ता न होने और अग्नि चेतावनी प्रणाली में खामियां पाई गईं।

प्रमुख खबरें

UP Voter List: विशेष अभियान में 5.59 लाख से अधिक नए पंजीकरण आवेदन मिले

Chaibasa में डायन बताकर आदिवासी महिला की गला घोंटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

अंकिता भंडारी केस में न्याय दिलाना समाज और प्रशासन का कर्तव्य: CM Pushkar Dhami

Jamia Millia Islamia में अनधिकृत प्रवेश पर Congress सांसदों इमरान मसूद और इमरान प्रतापगढ़ी पर FIR दर्ज