By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
कोलकाता, दो नवंबर मध्य कोलकाता में ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के पीछे स्थित एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई, जिसके बाद दमकल की कम से कम 10 गाड़ियां तैनात की गयी हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी जुटे हुए हैं और सोमवार सुबह भी आग बुझाने का अभियान जारी था।
आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि यह इमारत राइटर्स बिल्डिंग के पास स्थित है। राइटर्स बिल्डिंग पश्चिम बंगाल सरकार का पूर्व सचिवालय है, जिसमें अब भी कुछ सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों और इसके फैलने की परिस्थितियों का अभी पता नहीं चल पाया है।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी घटना की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इसे पूरी तरह बुझाने में अभी कुछ और समय लगेगा।