By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 08, 2019
जयपुर। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद क्रिस लिन और सुनील नारायण से मिली शानदार शुरुआत के दम पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने रविवार को यहां राजस्थान रायल्स पर रायल्स के खिलाफ आईपीएल मैच में 37 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। राजस्थान रायल्स की टीम पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने के बाद तीन विकेट पर 139 रन ही बना पायी। यह आईपीएल में पूरे 20 ओवर खेलकर तीन या इससे कम विकेट गंवाने के बाद सबसे न्यूनतम स्कोर है। स्टीवन स्मिथ ने 59 गेंदों में नाबाद 73 रन बनाये जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल हैं। उन्होंने जोस बटलर (34 गेंदों पर 37) के साथ दूसरे विकेट के लिये 72 रन की साझेदारी की। केकेआर ने केवल 13.5 ओवर में दो विकेट पर 140 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की और अपने रन रेट में भी सुधार किया। लिन और नारायण ने पहले विकेट के लिये 91 रन जोड़कर जीत को औपचारिकता बना दिया। लिन ने 32 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 50 जबकि नारायण ने 25 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 47 रन बनाये। रोबिन उथप्पा 16 गेंदों पर 26 रन और शुभमान गिल छह रन बनाकर नाबाद रहे।
इसे भी पढ़ें: हार्दिक पटेल बोले, मोदी को गुजरात वापस भेजने का समय
केकेआर ने पावरप्ले के छह ओवरों में 65 रन बनाकर एकतरफा जीत की नींव रखी। लिन ने नारायण का पूरा साथ दिया। जिस पिच पर रायल्स के बल्लेबाज रन बनाने के लिये जूझ रहे थे उस पर इन दोनों ने सहजता से रन बटोरे। नारायण ने लेग स्पिनर सुदेशण मिथुन पर दो छक्के लगाये लेकिन वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये और एक अन्य लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल की गुगली पर कट करने के प्रयास में स्लिप में कैच दे बैठे। लिन ने गोपाल को निशाने पर रखा और उन पर दो छक्के लगाये लेकिन अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद इसी गेंदबाज ने उन्हें आसान कैच देने के लिये मजबूर किया। उथप्पा ने हालांकि गोपाल पर दो छक्के जड़कर उनकी खुशी जल्द ही काफूर कर दी। इससे पहले रायल्स ने रहाणे (पांच) का विकेट दूसरे ओवर में गंवा दिया। कृष्णा ने उन्हें गुडलेंथ गेंद पर पगबाधा आउट किया। इसके बाद बटलर और स्मिथ ने पारी संवारने का बीड़ा उठाया लेकिन उन्हें रन बनाने के लिये जूझना पड़ा। रायल्स का स्कोर दस ओवर के बाद एक विकेट पर 56 रन था। इसके बाद इन दोनों बल्लेबाजों ने इसे गति देने का प्रयास किया। बटलर ने गुर्नी पर डीप स्क्वायर लेग पर छक्का लगाया लेकिन अगली गेंद पर सीमा रेखा पर आसान कैच दे बैठे। इससे रन गति फिर से प्रभावित हो गयी और रायल्स स्मिथ के कृष्णा पर लगाये गये दो चौकों की मदद से 15वें ओवर में तिहरे अंक में पहुंच पाया। इसके बाद भी स्मिथ ने ही रन बनाने का जिम्मा संभाले रखा। राहुल त्रिपाठी (आठ गेंदों पर छह रन) और बेन स्टोक्स (14 गेंदों पर नाबाद सात) की लचर बल्लेबाजी के कारण रायल्स को नुकसान हुआ जो उसे महंगा आखिर में महंगा पड़ा।