Kolkata Police ने चोरबागान पंडाल हादसे में आयोजकों की लापरवाही और भ्रामक घोषणा को बताया वजह

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 18, 2026

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि महासप्तमी के उत्सव के दौरान अचानक तेज बारिश के बाद भीड़ का उचित प्रबंधन नहीं किए जाने और भ्रामक घोषणाओं के कारण लोगों में घबराहट फैल गई होगी, जिससे उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई। अधिकारी ने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से संकेत मिलता है कि शनिवार शाम पंडाल में भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे यह घटना हुई। पुलिस ने यह भी पाया कि आयोजन स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों और निजी सुरक्षा गार्डों की संख्या पर्याप्त नहीं थी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी अपर्याप्त थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुप्रबंधन के कारण भगदड़ के दौरान लोगों ने प्रवेश द्वार से ही बाहर निकलने की कोशिश की। दोनों द्वार और वहां तक पहुंचने वाली सड़क संकरी थी, जिससे हादसा हुआ।’’ उन्होंने कहा कि प्रवेश, निकास और भीड़ की आवाजाही को लेकर पर्याप्त घोषणाएं नहीं की गई थीं, जिससे भीड़ के दबाव के बीच लोग भ्रमित हो गए। अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमारे पास एक घोषणा का वीडियो है, जिसमें लोगों से यह कहते हुए पंडाल खाली करने को कहा गया था कि उसकी संरचना ढहने वाली है।

हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह घोषणा किसने की थी और इसके पीछे क्या वजह थी।’’ स्थानीय लोगों ने भी पंडाल में पुलिस की अपर्याप्त तैनाती का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिसकर्मी मुख्य रूप से वीआईपी प्रवेश द्वार के पास तैनात थे। अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने शनिवार रात पंडाल का दौरा किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

उन्होंने कहा, ‘‘फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक अन्य टीम आज और साक्ष्य जुटाने के लिए पंडाल का दौरा करेगी। हमारी जांच के तहत खुफिया विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर जाएंगे।’’ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस जांच के तहत हादसे में बच गए लोगों से भी पूछताछ करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जुटाई गई जानकारी की पुष्टि करने के लिए हमें प्रत्यक्षदर्शियों के बयान चाहिए।

इससे जांच में मदद मिलेगी।’’ इस बीच, कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने रविवार सुबह उत्तर कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल से सटी सड़कों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। यह आदेश बहुबाजार थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पंडाल के आसपास की सड़कों पर लोगों के जमावड़े पर रोक लगाता है। ये प्रतिबंध 20 अक्टूबर तक लागू रहेंगे।

शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने के कारण पंडाल में भगदड़ मच गई थी। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

प्रमुख खबरें

Pakistan Airspace में भारतीय उड़ानों पर लगी रोक 24 नवंबर तक बढ़ी

दुर्गा अष्टमी, महा नवमी और सरस्वती विसर्जन: शक्ति, सिद्धि और ज्ञान की आराधना का महापर्व

कारखानों में टेस्टिंग लैब लगाने के लिए FIEO ने सरकार से मांगी मदद

Mayawati ने आकाश आनंद को चुनावी मैदान में उतारा, 28 अक्टूबर से शुरू होगा दौरा