Kolkata में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या, लिव-इन पार्टनर और मां अरेस्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

कोलकाता, नौ नवंबर दक्षिण कोलकाता में किराये के मकान में रह रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की उसकी ‘लिव-इन पार्टनर’ ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में आरोपी महिला और उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। मृतक की पहचान उत्तर 24 परगना जिले के बारासात निवासी सार्थक सरकार के रूप में हुई है।

वह कोलकाता के आईटी केंद्र साल्टलेक के सेक्टर-5 स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। उसने शहर के दक्षिणी हिस्से में एक फ्लैट किराये पर लिया था, जहां मुख्य आरोपी संचालिका बसु कभी-कभी उसके साथ रहती थी। पुलिस के अनुसार, बसु दक्षिण कोलकाता के फर्ताबाद की रहने वाली है और सेक्टर-5 इलाके के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और वे किराये के फ्लैट में साथ रह रहे थे। सरकार सप्ताह में तीन से चार दिन वहां रहता था और आसपास के कई लोग उसे जानते थे।’’ उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सरकार और बसु शनिवार शाम काली पूजा के लिए पटाखे खरीदकर घर लौटे थे। रास्ते में उन्होंने एक स्थानीय दुकान से मांस भी खरीदा था और दोनों खुश नजर आ रहे थे।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उसी रात बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो इतना बढ़ गया कि बसु ने धारदार हथियार से सरकार की गर्दन पर वार कर दिया। पुलिस ने बताया, चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी फ्लैट में पहुंचे तो सरकार खून से लथपथ पड़ा था। वे उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’ पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां मौमिता बसु को भी कथित तौर पर घटना की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि हत्या में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रमुख खबरें

SEA के अनुसार अप्रैल-अगस्त में भारत का Oil Meal निर्यात 28.51 प्रतिशत गिरा

वो हसीना जिसने चुराया NVIDIA सीईओ का दिल, फिर ले उड़ी अमेरिका के सबसे बड़े राज!

Chaturmas: 20 नवंबर को Devuthani Ekadashi के साथ समाप्त होगा चातुर्मास, शुरू होंगे मांगलिक कार्य

Madhya Pradesh के सिवनी और कटनी में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत