Kollam में 13 साल के बेटे को पीटने वाला सौतेला पिता गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

केरलम के कोल्लम जिले में 13 वर्षीय लड़के की उसके सौतेले पिता द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने मामले में हस्तक्षेप किया। इसके बाद आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना बृहस्पतिवार रात चदयामंगलम के कुरियोडे में हुई थी।

यह मामला तब सामने आया जब टेलीविजन चैनलों ने घटना के कथित दृश्य प्रसारित किए। इन दृश्यों को बच्चे की मां ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था। वीडियो में नजर आता है कि नशे की हालत में घर पहुंचा राजेश नामक आरोपी लड़के को उसके कमरे से घसीटकर बाहर ले जाता है।

इसके बाद आरोपी बच्चे को हॉल में ले जाता है और उसके कपड़े उतारकर डंडे से बेरहमी से पिटाई करता है। परिवार के सूत्रों ने बताया कि आरोपी लड़के को पसंद नहीं करता था क्योंकि उसका जन्म उसकी मां की पहली शादी से हुआ था। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि राजेश अक्सर कथित तौर पर बच्चे की पिटाई करता था।

इस बीच, सतीशन ने घटना के संबंध में कोल्लम ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक से बात की और उन्हें आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने तथा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मीडिया में आई खबरों के आधार पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।

आयोग ने कहा कि खबरों के मुताबिक, राजेश ने शराब के नशे में लड़के की पिटाई की थी। आयोग ने कोल्लम ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक, चादयामंगलम के थाना प्रभारी अधिकारी और जिला बाल संरक्षण अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है। बाद में दिन में चादयामंगलम पुलिस ने जिले में स्थित आरोपी के घर से उसे गिरफ्तार कर लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के समय भी आरोपी नशे की हालत में था। अधिकारी ने कहा, ‘‘लड़के की मां आरोपी की दूसरी पत्नी है। लड़का फिलहाल अपनी मां के साथ घर पर है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।’’

प्रमुख खबरें

DDCA में नए चुनाव की मांग, 27 सदस्यों ने BCCI सचिव को लिखा पत्र

Tata Motors को Q2 में हुआ 5531 करोड़ का घाटा, घरेलू बिक्री में 40 फीसदी उछाल

Manipur Violence: हिंसा की जांच कर रहे आयोग का कार्यकाल 6 महीने और बढ़ा

BrahMos Missile फिलीपीन को सौंपी, वियतनाम से हुआ करार: CEO Jayathirtha R Joshi