Kota JK Lon Hospital के अधीक्षक और नर्सिंग कर्मियों पर तकनीशियन को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

राजस्थान के कोटा स्थित जेके लोन अस्पताल में ईसीजी के एक तकनीशियन की मौत के संबंध में अस्पताल के अधीक्षक और नर्सिंग स्टाफ के दो कर्मचारियों के खिलाफ उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जांच को देखते हुए सरकारी अस्पताल में उन्हें उनके पदों से भी हटा दिया गया।

प्राथमिकी दर्ज होने और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद मृतक तकनीशियन सतीश कुमार चंडासी (38) के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने की सहमति दे दी। परिजनों ने इससे पहले पोस्टमार्टम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया था। जेके लोन अस्पताल, न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से संबद्ध है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर चंडासी का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने बताया कि कोटा की महात्मा गांधी कॉलोनी स्थित उनके घर से मिले एक सुसाइड नोट में अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उनका करियर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। नोट में यह भी लिखा था कि उनसे अस्पताल में लगातार 13 दिन काम कराया गया।

पुलिस ने बताया कि तकनीशियन अवसाद का इलाज भी करा रहे थे। परिजनों की शिकायत के आधार पर रेलवे कॉलोनी थाने ने शुक्रवार देर रात अस्पताल की अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा, नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल बैरवा और नर्सिंग प्रभारी नवीन शर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया कि तीनों के खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम की धारा तीन के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

जांच को देखते हुए डॉ. निर्मला शर्मा, मोहनलाल बैरवा और नवीन शर्मा को उनके पदों से हटा दिया गया। अस्पताल के नये अधीक्षक के रूप में उपाधीक्षक डॉ. अमित जोशी को नियुक्त किया गया है।

प्रमुख खबरें

NCP Merger पर Sunetra Pawar के फैसले बिना चर्चा बेनतीजा रहेगी: Chhagan Bhujbal

Allahabad High Court ने कैदी की उम्र बदलने वाली अदालत कर्मी की बर्खास्तगी रखी बरकरार

Team India से बाहर होने पर छलका Suryakumar Yadav का दर्द, वापसी के लिए लगाएंगे पूरा जोर

Aaryavir Sehwag के अर्धशतक से भारत जीता Under-19 Asia Cup, फाइनल में पाकिस्तान को हराया