Kotdwar: व्यापारी से मारपीट और धमकी के आरोप में 'मोहम्मद दीपक' गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 02, 2026

(कल देर रात जारी खबर को पुन: जारी करते हुए) देहरादून, दो अक्टूबर ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार को एक व्यापारी के साथ कथित तौर पर अभद्रता एवं मारपीट करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तस्वीरों और अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 196 (धर्म, जाति, आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने या सौहार्द बिगाड़ने संबंधी अपराध) और धारा 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) भी जोड़ी गईं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपशब्द कहने के साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों, आरोपी की गतिविधियों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दीपक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 (संज्ञेय अपराध को होने से रोकने के लिए गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार किया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला। दीपक कुमार इस साल जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब कोटद्वार में कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। दीपक ने दुकानदार के समर्थन में हस्तक्षेप किया और विरोध कर रहे लोगों से बहस के दौरान अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद वह इसी नाम से चर्चित हो गए।

प्रमुख खबरें

गांधी जी का रामराज्य और भारत

Gandhi Jayanti: Rajghat पहुंचकर Mallikarjun Kharge और राहुल गांधी ने बापू को दी श्रद्धांजलि

गांधी का पुनर्जन्म ही नहीं, गांधी-दृष्टि का पुनर्जागरण हो

UDF में कोई विवाद नहीं, Congress सांसद Adoor Prakash ने मतभेद की खबरें नकारीं