Congress चुनावी पारदर्शिता के लिए कर रही संघर्ष, Kumari Selja ने Ramlila Maidan रैली को बताया अहम

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

(फाइल फोटो के साथ) चंडीगढ़, 27 अक्टूबर कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा ने मंगलवार को कहा कि नागरिकों के वोट की रक्षा करना एक संवैधानिक अधिकार है और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी चुनावी पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ रही है। हरियाणा के सिरसा से लोकसभा सदस्य ने कहा, ‘‘हरियाणा, उत्तराखंड और देश भर से लाखों लोगों के दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली रैली में शामिल होने की उम्मीद है।’’ रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को, निर्वाचन आयोग की कार्यशैली, और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ आयोजित किये गए दिल्ली चलो मार्च का समापन बताया जा रहा है। कांग्रेस ने दावा किया है कि ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ रैली में कम से कम 10 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और जनता की चिंताओं को सामने रखने का पूरा अधिकार है। सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव की निष्पक्षता और वोट चोरी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिनका निष्पक्ष और पारदर्शी जवाब दिया जाना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए चुनाव प्रणाली में जनता का भरोसा होना बहुत जरूरी है।

सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा विभाजनकारी राजनीति करती है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के बजाय बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं का समाधान करे। उन्होंने कहा कि एक नवंबर की रैली में चुनावी पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकारों और विपक्ष की लोकतांत्रिक भूमिका से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के मुद्दे उठाए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Sensex और Nifty में उतार-चढ़ाव, मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

INDIA Bloc Rally: शाम 5 बजे की डेडलाइन और कड़े नियम, Delhi Police ने Ramlila Maidan के लिए तय की शर्तें

Yuvraj Singh के 12 गेंद वाले रिकॉर्ड पर Abhishek Sharma बोले, वैसी T20 बल्लेबाजी करना आसान नहीं

Maharashtra के 304 तालुकों में सूखा प्रभावित 1.5 करोड़ किसानों को मिलेंगे ₹5000