Ladakh में 242 खिलाड़ियों को मिली 3 करोड़ से अधिक की Sports Scholarship और नकद पुरस्कार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

लद्दाख के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बुधवार को खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 242 खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी। यह मदद लद्दाख खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित करने और खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दी गई है। एक आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार इस राशि में 2.55 करोड़ रुपये 12 महीने की छात्रवृत्ति के रूप में और 52 लाख रुपये नकद पुरस्कार के तौर पर दिए गए हैं।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि लद्दाख के युवा खिलाड़ी लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ यह छात्रवृत्ति और नकद पुरस्कार केवल आर्थिक मदद नहीं हैं, बल्कि खिलाड़ियों को यह भरोसा दिलाने का माध्यम है कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य ऐसा मजबूत खेल माहौल तैयार करना है, जहां प्रतिभाओं को पहचाना जाए, उन्हें निखारा जाए और खेल को करियर के रूप में अपनाने के अवसर मिलें।’’ आर्थिक सहायता पाने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में लेह जिले के त्सेवांग नोरबू शामिल हैं। उन्होंने 23वीं राष्ट्रीय माउंटेन बाइक (एमटीबी) साइकिलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।

उन्हें 25 लाख रुपये नकद पुरस्कार के साथ अगले 12 महीने तक हर महीने 75 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय स्कूल खेल 2026 की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली करगिल की समाना बतूल को पांच लाख रुपये नकद पुरस्कार और अगले 12 महीने तक हर महीने 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा फुटबॉल, तीरंदाजी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल और टेबल टेनिस जैसे टीम खेलों के 201 खिलाड़ियों को कुल 2.08 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी।

प्रमुख खबरें

भारत करेगा 2028 Thomas and Uber Cup Finals की मेजबानी, BWF ने बदला प्रारूप

घरेलू उत्पादन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, 8 साल के लिए मंजूर हुई ₹11,000 Crore की योजना

PhonePe दोबारा शुरू करेगी IPO की तैयारी, जुटाएगी 12000 Crore रुपये

Rajasthan Zila Parishad चुनाव: Congress ने 24 जिलों में बनाए प्रमुख, BJP को 10 पर मिली जीत