By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2022
लखीमपुर खीरी (उप्र)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले राज्य की राजनीति में उबाल लाने वाले तिकोनिया कांड के बावजूद लखीमपुर खीरी जिले की सभी आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने परचम लहराया है। बृहस्पतिवार को घोषित चुनाव परिणाम में भाजपा को सबसे बड़ी जीत उसी निघासन सीट पर मिली है जहां तिकोनिया की घटना हुई थी। जिले की आठ सीटों के घोषित चुनाव परिणाम में निघासन सीट से भाजपा उम्मीदवार शशांक वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के आर एस कुशवाहा को 41,009 मतों के बड़े अंतर से हराया।
पलिया सीट से मौजूदा विधायक भाजपा उम्मीदवार हरविंदर कुमार उर्फ रोमी साहनी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के प्रीतिंदर सिंह को 38,129 मतों के अंतर से हराया। वहीं, गोला सीट से भाजपा उम्मीदवार अरविंद गिरि ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के विनय तिवारी को 29294 मतों से पराजित किया। इसके अलावा श्रीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी मंजू त्यागी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के रामशरण को 17,608 मतों से हराया। धौरहरा सीट से भाजपा उम्मीदवार विनोद शंकर अवस्थी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के वरुण सिंह को 24,610 मतों से शिकस्त दी। लखीमपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के उत्कर्ष वर्मा को 20,578 मतों से पराजित किया। कस्ता सीट से भाजपा उम्मीदवार सौरभ सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के सुनील लाला को 13,817 मतों के अंतर से पराजित किया। इसके अलावा, मोहम्मदी सीट से भाजपा उम्मीदवार लोकेंद्र प्रताप सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के दाउद अहमद को 4,871 मतों से मात दी।