By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को तीन गेम में हराकर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुके अल्मोड़ा के 25 वर्षीय खिलाड़ी लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त लोह को 21-17, 10-21, 21-13 से हराया। हाल में हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान का खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेमीफाइनल में एंडर्स एंटोनसेन और चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त झू ज़ुआन चेन के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता से भिड़ेंगे।
इससे पहले सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर पुरुष युगल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे गेम में वे अपनी लय खो बैठे। उन्होंने हालांकि बाद में वापसी करते हुए 59 मिनट में 21-12, 13-21, 21-16 से जीत हासिल की।
सात्विक और चिराग फाइनल में जगह बनाने के लिए डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड या मलेशिया के मैन वेई चोंग और टी काई वुन में से किसी एक का सामना करेंगे। महिला एकल में रक्षिता रामराज का शानदार सफर क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड की पांचवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से 19-21, 16-21 से हार के साथ समाप्त हो गया। रक्षिता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फी को 21-18, 24-22 से हराकर उलटफेर किया था।
उन्होंने पहले दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ड को हराया था।