By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
जयपुर, आठ नवंबर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर को अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) ने हिरासत में लिया है और उसे भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, राजस्थान पुलिस के अपराधी गिरोह निरोधक दस्ता (एजीटीएफ) ने सीबीआई और इंटरपोल सहित अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर उसकी हिरासत सुनिश्चित की।
एजीटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि 40 वर्षीय बॉक्सर कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा गांव का निवासी है। वह विदेश में रहकर कथित तौर पर भारत में आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा था। लॉरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने में भी उसकी अहम भूमिका थी।
उस पर राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में जबरन वसूली के लिए धमकियां देने और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। इनमें मुंबई और पुणे की घटनाएं भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी व्हाट्सऐप और सिग्नल के जरिए इंटरनेट आधारित वॉयस कॉल (वीओआईपी) के माध्यम से बड़े कारोबारियों को धमकाता था और जबरन वसूली की मांग पूरी नहीं होने पर वह संबंधित व्यक्ति या उसके परिजनों पर गोलीबारी करवाता था।
वह बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी सहित कई घटनाओं में भी वांछित था। इस घटना के बाद उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जिम्मेदारी ली थी। राजस्थान के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, शस्त्र अधिनियम और संगठित अपराध सहित 22 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, हैरी बॉक्सर अप्रैल 2023 में अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से फरार हो गया था। वह दुबई, डोमिनिकन गणराज्य और गुयाना होते हुए अवैध प्रवासन मार्ग से मेक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। सीबीआई के समन्वय से इंटरपोल ने 14 नवंबर 2024 को उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।
इसके बाद एजीटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ खुफिया जानकारी और तकनीकी सूचनाएं साझा कीं। दिसंबर 2024 से जुलाई 2026 के बीच अमेरिका को इंटरपोल के नौ नोटिस भेजे गए। पुलिस के अनुसार, अस्थायी गिरफ्तारी का अनुरोध करने के साथ ही अद्यतन दस्तावेज और उंगलियों के निशान भी भेजे गए थे।
एजीटीएफ की ऑपरेशनल, इंटरपोल और तकनीकी टीमों के समन्वित प्रयासों के बाद उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि हैरी बॉक्सर को भारत लाने के लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।