सोनिया गांधी के साथ डिजिटल बैठक में शामिल हो सकते हैं प्रमुख विपक्षी दलों के नेता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 13, 2021

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा 20 अगस्त को विपक्षी नेताओं की बुलाई गई डिजिटल बैठक में विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और झारखंड के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी देश के सामने खड़े प्रमुख मुद्दों पर विपक्षी दलों को साथ लेकर सरकार को घेरने की कोशिश में हैं और इसी प्रयास के तहत यह बैठक बुलाई गई है। विपक्षी दल राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने के लिए प्रयासरत हैं ताकि अगले लोकसभा चुनाव में विपक्ष की ओर से कड़ी चुनौती पेश की जा सके।

इसे भी पढ़ें: लाल किले की जबरदस्त सुरक्षा, सात लेयर में सिक्योरिटी इंतजाम, दो दर्जन प्वाइंट पर होगी NSG की टीमें तैनात

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने भी कहा कि पार्टी प्रमुख शरद पवार इस बैठक में शिरकत करेंगे। महाराष्ट्र में शिवसेना नीत गठबंधन सरकार में कांग्रेस और राकांपा शामिल हैं। सोनिया गांधी ने यह बैठक विपक्षी नेताओं, न्यायाधीशों और पत्रकारों के फोन कथित तौर पर टैप करने को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद और संसद के हाल में संपन्न मानसून सत्र में हुए हंगामे को लेकर जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच बुलाई है। हालांकि, अबतक बैठक का एजेंडा सामने नहीं आया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इस दौरान विपक्षी दलों के मुद्दों पर चर्चा करने और विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने के तरीकों पर विचार विमर्श होगा। बनर्जी ने भी पिछले महीने अपने दिल्ली दौरे के दौरान विपक्ष की एकजुटता पर जोर दिया था। तब वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करने के साथ-साथ कांग्रेस की सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कमलनाथ, आनंद शर्मा और अभिषेक मनु सिंघवी से भी मिली थीं। बनर्जी ने दिल्ली दौरे के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, द्रमुक नेता कनिमोई से मुलाकात की थी। इनके अलावा उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव से भी फोन पर बात की थी।

प्रमुख खबरें

UCC पर JDU बीजेपी के इशारे पर कर रही काम: Tejashwi Yadav

Ayodhya में NSG रीजनल हब के लिए 26 हेक्टेयर जमीन मुफ्त देगी UP सरकार

MP दौरे पर आएंगे BJP अध्यक्ष Nitin Nabin और Rahul Gandhi, इंदौर में होंगे कार्यक्रम

Nepal Flood: आठ जिलों से और शव मिलने के बाद मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 1,399