उत्तर प्रदेश में भाजपा में नेतृत्व का संकट, योगी ‘‘मठ’’ भेज दिए गए: भूपेश बघेल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 19, 2022

मथुरा (उप्र)|  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को यहां कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के पार्टी छोड़ने के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर सवाल खड़े हो गए हैं और संभवत: इसीलिए उनकी पार्टी ने उन्हें ‘‘उनके मठ वापस भेज दिया है।’’

बघेल ने राज्य विधानसभा चुनाव में गोरखुपर सीट से योगी को उम्मीदवार बनाए जाने का जिक्र करते हुए यह बात की। बघेल मथुरा विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी प्रदीप माथुर के समर्थन में प्रचार करने के लिए यहां आए थे। उन्होंने वृन्दावन स्थित बांकेबिहारी मंदिर जाकर कांग्रेस की जीत की कामना की।

बघेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) जहां अपने लिए वोट मांग रही हैं, वहीं कांग्रेस जनता की समस्याएं सुलझाने और पार्टी नेतृत्व द्वारा घोषित योजनाओं एवं कार्यक्रमों को लागू कराने के लिए वोट मांग रही है।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘इन दिनों भाजपा की हालत बहुत खराब है। वहां चुनाव का नेतृत्व करने को लेकर संकट पैदा हो गया है।’’ उन्होंने कहा कि पांच साल तक राज्य मंत्रिमंडल में रहे नेता भाजपा छोड़कर जा रहे हैं और कई अन्य विधायक भी पार्टी छोड़ रहे हैं।

बघेल ने कहा कि ऐसे में भाजपा में नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया है और इसलिए योगी आदित्यनाथ को उनकी पार्टी ने ‘‘वापस उनके मठ (गोरखपुर) भेज दिया है।’’

नोएडा में चुनाव प्रचार के दौरान कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों के उल्लंघन के कारण बघेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग भी पार्टी देखकर कार्रवाई कर रहा है, जबकि उसे निष्पक्ष दिखना चाहिए।

भाजपा के नेताओं द्वारा रैली निकालने पर कार्रवाई नहीं हो रही। यह गलत है।’’ मुख्यमंत्री ने भाजपा पर धर्म के नाम पर मत हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

प्रमुख खबरें

Shah ने BJP और उसके छद्म सहयोगियों को नेशनल कॉन्फ्रेंस को हराने का निर्देश दिया: Omar

विपक्षी दलों के नेताओं को जेल भेजने में Congress अव्वल : Chief Minister Mohan Yadav

Manoj Tiwari ने मुझ पर हमला कराया क्योंकि लोग अब उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं: Kanhaiya

Shakti Yojana से Metro को नुकसान होने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी से हैरान हूं: Shivkumar