By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 25, 2022
मुंबई। मुंबई की एक मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने अपने एक आदेश में कहा है कि टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने अपनी पूर्व पार्टनर मॉडल-अभिनेत्री रिया पिल्लई के खिलाफ घरेलू हिंसा के विभिन्न कृत्य किये हैं। रिया पिल्लई ने पेस के खिलाफ घरेलू हिंसा से संबंधित मामला दर्ज किया था। अदालत ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि रिया पिल्लई साझे आवास से अलग रहना चाहती हैं तो पेस को उन्हें एक लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ते के अलावा किराया के लिए 50 हजार रुपये प्रतिमाह देने होंगे। मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोमल सिंह राजपूत ने इस माह के शुरू में ही यह आदेश दियाथा, लेकिन इसकी प्रति बुधवार को उपलब्ध करायी गई थी। पेस के साथ लिव-इन में रहने वाली पिल्लई ने 2014 में महिला घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षण प्राप्त करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।