Chhattisgarh में लाइबेरियाई छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 24, 2025

छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में एक रिहायशी इमारत से कथित तौर पर गिरने के बाद लाइबेरियाई छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी का कहना है कि घटना के बाद उसके सहपाठी उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे नवा रायपुर के एक दूसरे अस्पताल में भेजा गया। बाद में उसे रायपुर के डॉक्टर बीआर अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया कि इसकी सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा। अधिकारी ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि घटना से पहले सैम का एक महिला से झगड़ा हुआ था, वह महिला भी एक विदेशी नागरिक है। महिला ने सैम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए अपने पुरुष मित्र को मौके पर बुलाया था।

अधिकारी के अनुसार, मौके पर दूसरे युवाओं को देखकर सैम कथित तौर पर घबरा गया और इमारत की ऊपरी मंजिल की ओर भागा। बाद में पता चला कि वह चौथी मंजिल से गिर गया है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि किसी भी चश्मदीद ने छात्र को गिरने से पहले किसी के द्वारा धक्का देते या हमला करते नहीं देखा। हालांकि, घटना के बाद, महिला और उसका पुरुष मित्र, इस डर से कि पीड़ित के दोस्त उन पर हमला कर सकते हैं, पड़ोसी दुर्ग जिले में चले गए, जहां वे भिलाई थाने में पहुंचे। बाद में दोनों को पूछताछ के लिए मंदिर हसौद थाना लाया गया।

अधिकारी ने बताया कि महिला, उसके पुरुष मित्र और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाताओं से बात करते हुए, रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) लखन पटले ने कहा कि घटनाओं के सही क्रम का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है। मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए कई लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रमुख खबरें

Anthropic और OpenAI में सुरक्षा चिंताओं पर इस्तीफे, AI की तेज दौड़ जारी

Ganesh Chaturthi पर बप्पा के भोग के लिए 10 आसान तरीकों से बनाएं Sugar Free Modak

Gujarat के व्यक्ति से 1.5 लाख की Cyber Fraud, दिल्ली से DU छात्र समेत 3 गिरफ्तार

बीजेपी को सभी ‘हिजाब’ मंज़ूर नहीं हैं, ऐसा नहीं है, BRICS समिट के लिए झुग्गियों को ढके जाने पर पवन खेड़ा ने केंद्र की आलोचना की