By अभिनय आकाश | May 10, 2025
हूती विद्रोहियों और उनके समर्थकों ने यमन में गाजा एकजुटता रैली निकाली। सामने आए वीडियो में हजारों लोगों को यमन की राजधानी सना में अल-सबीन स्क्वायर में इकट्ठा होते हुए नजर आ रहे हैं। जिसमें भीड़ में फिलिस्तीनी झंडे दिखाई दे रहे हैं। हूतियों ने कहा कि उन्होंने अमेरिका को हरा दिया है। हूती की रैली ट्रंप द्वारा घोषणा के बाद देखने को मिली है। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका यमन में हूती ठिकानों पर बमबारी बंद कर देगा। हूतियों ने कथित तौर पर कहा था कि वे लड़ाई रोकना चाहते हैं। पछले शुक्रवार को इजरायल पर मिसाइल दागने के बाद हूती विद्रोहियों ने गाजा के समर्थन में रैलियां भी की थीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह घोषणा उसी दिन की जब इजराइली सेना ने हूतियों के खिलाफ हवाई हमले शुरू किए, जिसके बारे में उसने कहा कि यमन की राजधानी सना में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पूरी तरह तबाह कर दिया है। रविवार को इजराइल के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूतियों द्वारा किए गए मिसाइल हमले के जवाब में इजराइल ने यमन में विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रंप के सार्वजनिक रूप से इस संबंध में घोषणा किए जाने से पहले प्रशासन ने हूतियों के साथ बातचीत के बारे में इजराइल को सूचित नहीं किया।