FIFA World Cup में Lionel Messi का महा-रिकॉर्ड, पेनल्टी मिस के बाद दो गोल दागकर बने King

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2026

अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी आस्ट्रिया के खिलाफ विश्व कप मैच में पेनल्टी चूक गए लेकिन उसके बाद दो गोल करके टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक 18 गोल अपने नाम कर लिये। फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में से एक मेस्सी ने आस्ट्रिया पर 2 . 0 से मिली जीत में दोनों गोल दागे। वह नौवे मिनट में पेनल्टी चूक गए थे लेकिन इसकी बखूबी भरपाई कर ली। अपना छठा विश्व कप खेल रहे मेस्सी के अब कुल 18 गोल हो गए हैं। पहले मैच में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर उन्होंने जर्मनी के स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोसे के विश्व कप में 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

आठ बार के बलोन डि ओर विजेता ने कहा ,‘‘ पेनल्टी पर गोल नहीं कर पाने से मैं काफी नाराज था लेकिन बाद में इसकी भरपाई कर ली।’’ अर्जेंटीना ग्रुप जे के पहले दोनों मैच जीतकर नॉकआउट में पहुंच गया है। मेस्सी ने स्टॉपेज टाइम में 18वां गोल दागा। उनका पहला प्रयास गोलकीपर अलेक्जेंडर श्लागेर ने नाकाम कर दिया जिसके बाद उन्होंने कई डिफेंडरों को छकाते हुए गोल किया। मेस्सी ने कहा ,‘‘ मुझे पता था कि यह आसान नहीं होगा। विश्व कप में सभी मुकाबले कठिन है और कोई टीम मौके नहीं दे रही।’’ अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा ,‘‘ मेरे पास लियो के बारे में कहने के लिये शब्द ही नहीं बचे हैं।’’

मेस्सी रिकॉर्ड 17वां गोल करते ही दौड़कर कोने में गए और दाहिना हाथ हवा में उठाकर जश्न मनाया। खचाखच भरे स्टेडियम में करीब 70000 दर्शकों में अधिकांश अर्जेंटीना के समर्थक थे। आस्ट्रिया के कोच राफ रेंगनिक ने कहा ,‘‘ 39 वर्ष की उम्र में कोई दो गोल कर रहा है और विश्व कप के शुरूआती मैचों में ही पांच गोल कर लिये हैं। यही फर्क है। लियोनेल मेस्सी ने आज दिखा दिया कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से है और वह सर्वश्रेष्ठ है।’’ मैच के नौवे मिनट में मेस्सी जब पेनल्टी पर गोल नहीं कर पाये तो स्टेडियम में सन्नाटा छा गया था। बायें पैर से उनका शॉट दाहिने पोस्ट के बाहर चला गया।

क्लोसे ने जर्मनी के लिये 24 विश्व कप मैच खेले और 2014 के फाइनल में अतिरिक्त समय में गोल करके अर्जेंटीना और मेस्सी को हराया था। 12 जून को प्रकाशित इंटरव्यू में क्लोसे ने कहा था कि मेस्सी उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा था ,‘‘इस बार ज्यादा टीमें खेल रही हैं लिहाजा गोल करने के अधिक मौके होंगे। मुझे लगता है कि फ्रांस और अर्जेंटीना आगे तक जायेंगे।’’ क्लोसे ने एक जर्मन अखबार से कहा था ,‘‘ रिकॉर्ड टूटने के लिये ही बनते हैं। मेस्सी रिकॉर्ड तोड़ सकता है। मैं उसका बड़ा प्रशंसक हूं और हमेशा से रहा हूं।

वह जीनियस है।’’ मेस्सी ने 20 साल पहले जर्मनी में विश्व कप में पदार्पण किया था और तब भी गोल दागा था। वह अब तक टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 28 मैच खेल चुके हैं। मेस्सी के पिता अज्ञात बीमारी का इलाज करा रहे हैं।उनके परिवार ने पिछले सप्ताह एक बयान में इसकी जानकारी दी थी लेकिन ब्यौरा नहीं दिया था। 68 वर्ष के जोर्ज मेस्सी अपने बेटे के एजेंट भी हैं और मैदान से बाहर उसका व्यवसाय भी देखते हैं। मेस्सीअल्जीरिया के खिलाफ पहला गोल करने के बाद भावुक हो गए थे और उन्होंने कहा था कि ये आंसू फुटबॉल से इतर जीवन में कुछ कठिन दिनों के कारण निकले हैं।

प्रमुख खबरें

The Scandal K-Drama Review | सोन ये-जिन और जी चांग-वूक का जादू, धीमी रफ्तार के बावजूद बांधे रखती है नेटफ्लिक्स सीरीज़

DUSU Election में 39.77 प्रतिशत मतदान, शनिवार को होगी वोटों की गिनती

Mahalaxmi Vrat Puja: Mahalakshmi Vrat आज से शुरू, धन समृद्धि के लिए इस तरह करें कलश स्थापना और पूजन

ग्रीनलैंड पर US और Denmark में समझौता अगले हफ्ते, संसदों की मंजूरी होगी अनिवार्य