उत्सवों के साथ जीना (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Nov 25, 2026

दीपावली के बाद उत्सवों की श्रृंखला जारी रहती है। क्रिसमस से जुड़े प्रसिद्ध चरित्र सांता की ड्रेस, टोपियां वगैरा बिकनी शुरू हो जाती हैं। हम अपनी अनुशासित सभ्यता और संस्कृति का दामन पकड़े रह जाते हैं और बाज़ार हमें विदेशी उत्सवों के आंचल में उलझाए रखता है। वैसे तो सबसे ज्यादा ज़रूरी है ज़िंदगी का मज़ा लेना। क्रिसमस के बाद नया साल भी तो आना  होता है। हमने तो अपने त्यौहार भी उनकी तरह मनाने शुरू कर दिए हैं। होली और दीवाली कई कई दिन पहले स्कूल में मना लेते हैं। क्रिसमस और नया साल मनाने में निजी स्कूलों की सहयोगी भूमिका है। हमारे समाज के समझदार धार्मिक विश्लेषक, ‘त्योहार किस दिन मनाएं’ विषय पर मनमानी बहस करते हैं ताकि आम जनता असमंजस में फंसी रहे। इससे पर्वों की धार्मिक और पारम्परिक महत्ता बची रहती है।    

युवाओं को वैलेंटाइन डे बहुत पसंद है। इस गुलाबी दिवस से प्रेरित होकर उदास पति पत्नी भी गुलाब या उपहार प्राप्त कर लेते हैं। हालांकि इस प्रेम दिवस को राजनीतिजी पसंद नहीं करती लेकिन राजनीति उनका कुछ बिगाड़ भी नहीं सकती। हमने तो भजन और भक्ति को भी क्लब में नाचने का अवसर दिया। ज़िंदगी की बदलती शैली किसी को नहीं छोड़ती। बाज़ार ने रेस्तरां और मॉल में व्यवसाय बढ़ाने के लिए त्योहारों का गला पकड़ रखा है। भारतीय त्योहारों में लिपटी धार्मिकता, अंधविशवास और परम्पराओं का खूब फायदा उठाया गया।

इसे भी पढ़ें: पति पत्नी और करवा चौथ (व्यंग्य)

खुशी मनाते हुए ईश्वर को पटाना भी ज़रूरी है और सामाजिक दिखने वाली राजनीतिक नाक भी ऊंची रखनी है। देखिए, आर्थिक पताका ऊंची कर ज़ोर से लहराकर दिखानी है तो कम या ज्यादा प्रदूषण भी सर उठाएगा ही। पानी को भी बर्बाद होना पड़ेगा। हमारे पूज्य ईष्ट की मूर्तियां नदियों को बेचारा कर देंगी। त्योहार सादगी से मनाएंगे तो असर नहीं होगा, फ़ोटोज़ अच्छी नहीं आएंगी। इसलिए थोडा या बहुत दिखावा भी हो ही जाता है। सजावट भी करनी पड़ती है नहीं तो असामाजिक मीडिया वाले खुश नहीं होते। पैसे हैं तो खर्च भी होंगे। उत्सव है तो शोर शराबा भी खुद ही सक्रिय होने लगता है। बुज़ुर्ग और बीमार तो होते ही हैं परेशान होने के लिए। पैदल चलने से अब आम आदमी भी थकने लगा है। इतनी किस्म की गाड़ियां किस लिए बनी हैं। कहीं न कहीं पार्क भी करनी पड़ेगी, अगर दूसरे को परेशानी हो भी गई तो क्या हुआ। दुःख इस बात का है कि इन्हीं सड़कों पर गरीब अमीर, नेता अफसर को साथ साथ चलना पड़ता है।  

दूसरों के कपड़े, चीज़ें हमें बहुत अच्छी लगती हैं। अपने त्योहारों में रस्में, नियम, पूजा पाठ और उपवास ज्यादा लगते हैं। हमारे आयोजनों में वीआईपी गिरी खूब चलती है। ऊंच नीच भी करना होता है। जात पात भी निभाना होता है। धन दौलत का बहुत शानदार और जानदार रोल रहता ही है। कई बार लगता है पर्यावरण प्रेम की कमी है, स्वार्थ ज्यादा है। लगता है विदेशी त्योहारों में ऐसा नहीं है। उनके यहां मस्ती और खुलापन ज्यादा है। विदेश में बसे हमारे लोग अपना देश, खाना, पहनना, शोर, कचरा राजनीति, सभ्यता, संस्कृति सब कुछ बहुत मिस करते हैं इसलिए कभी कभार कहीं भी नाच गाकर संतुष्टि प्राप्त कर लेते  हैं। नाचना और नचाना भी तो उत्सव आनंद का एक ज़रूरी हिस्सा है जी।  

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

National Shooting: दिग्विजय चौहान ने 24 अंक बनाकर जीता सीनियर मास्टर पुरुष ट्रैप का स्वर्ण

Instagram Algorithm का ये सीक्रेट जान लें, सही समय पर पोस्ट करके बढ़ाएं फॉलोअर्स

Nepal के Saljhandi में शुरू हुआ Exercise Surya Kiran, 8 दिसंबर तक चलेगा बटालियन स्तर का अभ्यास

Balochistan में सैन्य कार्रवाई पर भड़के Abdul Malik Baloch, पाक बलों की आगजनी की निंदा की