Lockie Ferguson और Matt Henry चोट के कारण तीसरे टी20 से बाहर, कीवी टीम में बदलाव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के बाकी मुकाबलों के लिए अपनी टीम में कई बदलाव किए हैं जिसमें तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी मामूली चोट संबंधी परेशानियों और कार्यभार प्रबंधन के कारण तीसरे टी20 मैच में नहीं खेलेंगे। फर्ग्यूसन रविवार को ऑकलैंड के लिए रवाना होंगे और ईडन पार्क और सेडन पार्क में होने वाले चौथे और पांचवें टी20 मैच के लिए फिर से टीम से जुड़ेंगे। हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रहेंगे और दो नवंबर को ऑकलैंड में वनडे टीम के साथ जुड़ेंगे।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने रविवार को न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘‘दोनों खिलाड़ियों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। सार्वजनिक अवकाश के बाद मंगलवार को उनके कुछ स्कैन किए जाएंगे। इसके बाद हमें उनकी स्थिति के बारे में अधिक जानकारी मिलेगी।

हमेशा की तरह, हम सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि वे जल्द से जल्द वापसी कर सकें। ’’ काइल जैमीसन मंगलवार को हेनरी स्टेडियम में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद वेलिंगटन में ही रुकेंगे। वह 31 अक्टूबर को सेलो बेसिन रिजर्व में फोर्ड ट्रॉफी के दूसरे दौर में कैंटरबरी के लिए खेलेंगे और इसके बाद एकदिवसीय श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे।

ब्लेयर टिकनर अंतिम तीन टी20 मैचों के लिए जबकि जोश क्लार्कसन को अंतिम दो मैचों के लिए न्यूजीलैंड की टीम में शामिल किया गया है। मैट फिशर को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इसके बाद वह फिर से न्यूजीलैंड ए टीम से जुड़ जाएंगे।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम का गेंदबाजी विभाग काफी मजबूत है और इससे आगे के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘टी20 श्रृंखला अभी तक काफी कड़ी रही है, जिसमें दो बेहद करीबी मैच खेले गए लेकिन अभी हमें काफी क्रिकेट खेलनी है।’’ वाल्टर ने कहा, ‘‘हमारे पास कई विकल्प मौजूद हैं और इसलिए हम अलग-अलग खिलाड़ियों को टीम में शामिल करके तेज गेंदबाजों का कार्यभार प्रबंधन अच्छी तरह से कर सकते हैं। इससे हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि वह आने वाले मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।’’

प्रमुख खबरें

Kochi में जज के नाबालिग बेटे की Mercedes से टक्कर, स्कूटर सवार व्यक्ति की मौत

UPSC अभ्यर्थियों के सेवा आवंटन पर DoPT ने सुप्रीम कोर्ट से मांगे निर्देश

Elon Musk के ड्रोन हमले वाले आरोपों को Ukraine ने नकारा, Starlink नियमों पर दी सफाई

Rotterdam Port Authority के साथ भारत में कार्गो प्रक्रिया होगी डिजिटल, बोले Piyush Goyal