Lockie Ferguson ने Vaibhav Suryavanshi की तारीफ की, भारतीय टी20 टीम में चयन पर जताई खुशी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 11, 2026

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं और उन्होंने कहा कि इस किशोर खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल किए जाने पर उन्हें किसी तरह की हैरानी नहीं हुई। सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। फर्ग्यूसन ने रविवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं आईपीएल में उनके खिलाफ खेला था।

उन्होंने आईपीएल के अब तक जो दो सत्र खेले हैं उनमें उनका प्रदर्शन असाधारण रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं न्यूजीलैंड में उनकी चुनौती का सामना करने के लिए उत्सुक हूं। उनका न्यूजीलैंड में यह पहला अनुभव होगा। मुझे नहीं पता कि उन्होंने पहले यहां क्रिकेट खेली है या नहीं।

यह एक शानदार सीरीज होगी।’’ न्यूजीलैंड और भारत के बीच पांच टी20, इतने ही वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘हम इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं कि भारत की टीम बेहद मजबूत है। लेकिन न्यूजीलैंड में उनकी मेजबानी करना वाकई शानदार होगा।’’ यह 35 वर्षीय खिलाड़ी लगभग एक दशक से आईपीएल का हिस्सा रहा है।

वह पूर्व चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स सहित पांच टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘आईपीएल में उनके (भारतीय खिलाड़ियों के) खिलाफ और उनके साथ खेलना शानदार रहा है। इसलिए हम जानते हैं कि वह मैच की तैयारी कैसे करते हैं।

भारतीय टीम में मेरे कई अच्छे दोस्त हैं।’’ उन्होंने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह न्यूजीलैंड की अनुकूल परिस्थितियों में गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक होंगे। फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि अर्शदीप न्यूजीलैंड में गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं, जहां गेंद थोड़ी ज्यादा स्विंग और उछाल लेती है।’’ फर्ग्यूसन को भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम में शामिल किया गया है। वह तीन साल बाद न्यूजीलैंड की वनडे टीम में वापसी करेंगे।

इस प्रारूप में उन्होंने अपना आखिरी मैच विश्व कप 2023 में भारत के खिलाफ मुंबई में सेमीफाइनल के रूप में खेला था। उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप नजदीक होने के कारण हम वनडे क्रिकेट ज्यादा खेल रहे हैं। विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मैंने खुद को फिट रखने के लिए कड़ी मेहनत की है ताकि मैं एकदिवसीय टीम के लिए फिर से अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकूं।

प्रमुख खबरें

Jayaprakash Narayan की जयंती पर Yogi Adityanath और Akhilesh Yadav ने किया नमन

Delhi में COJPA नेताओं को हिरासत में लेने पर बरसे DK Shivakumar, पूछा- लोकतंत्र है या आपातकाल

Supreme Court का निर्देश, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को अवैध रूप से हिरासत में न लें

Nepal में बाढ़ का कहर, 35 से ज्यादा घर और कई पुल बहे; बचाव के लिए उतारे गए हेलीकॉप्टर