By अंकित सिंह | Apr 07, 2025
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को बताया कि रसोई गैस या घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। सब्सिडी वाले और सामान्य श्रेणी के ग्राहकों दोनों के लिए कीमत में बढ़ोतरी की गई है। अब इसको लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि LPG गैस सिलेंडर की ही कमी रह गई थी, मोदी जी… । इस बार तो महँगाई का चाबुक “उज्जवला” की ग़रीब महिलाओं की बचत पर भी चल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लूट, वसूली, हेराफेरी…सब मोदी सरकार के पर्याय बन चुके हैं।
आज ही पहले सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर अपना उत्पाद शुल्क भी बढ़ा दिया है, हालांकि, इस बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाएगा और इसका बोझ तेल विपणन कंपनियों द्वारा उठाया जाएगा। एक आधिकारिक आदेश में बताया गया कि पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाकर 13 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि शुल्क में वृद्धि "अप्रैल 2025 की 8 तारीख को लागू होगी।"