यह श्रृंखला गंवाने का हम पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि अगली श्रृंखला आठ महीने बाद है: जडेजा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 26, 2025

अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में संभावित हार का अगले साल अगस्त में श्रीलंका में होने वाली टेस्ट श्रृंखला पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि दूसरे टेस्ट में ड्रॉ कराना युवा टीम के लिए ‘जीत’ जैसा होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम टेस्ट मैच बचाने की कोशिश करेंगे। अगर हम श्रृंखला नहीं भी जीत रहे हैं तो भी हम मैच ड्रॉ कर सकें जो हमारे लिए जीत की तरह की स्थिति होगी।’’ अगले कुछ हफ्तों में 37 बरस के होने वाले जडेजा का मानना ​​है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला गंवाना भारतीय टीम में शामिल युवा खिलाड़ियों के लिए सीखने के लिहाज से बहुमूल्य होगा।

मेजबान टीम में यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर जैसे कई युवा खिलाड़ी हैं जो अपने टेस्ट करियर के शुरुआती चरण में हैं। जडेजा ने कहा, ‘‘देखिए टीम में जो युवा खिलाड़ी हैं, मुझे लगता है कि वे सीखने के चरण में हैं। उनका करियर शुरू हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आप चाहे कोई भी प्रारूप खेलें, यह आसान नहीं है। आप चाहे कोई भी प्रारूप खेलें, यह हमेशा थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है।’’

जडेजा ने बताया कि जब भी कोई टीम अपने घर में हारती है तो जीतने के मुकाबले युवाओं का कम अनुभव अधिक सुर्खियां बटोरता है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में जब ऐसी स्थिति होती है और आप टीम में तीन-चार युवा खिलाड़ियों को खिलाते हैं तो ऐसा लगता है कि पूरी टीम युवा और कम अनुभव वाली है। और इसे सुर्खियां बनाया जाता है।’’

जडेजा ने कहा, ‘‘लेकिन जब भारत स्वदेश में जीतता है तो लोग सोचते हैं कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन अगर आप भारत में कोई श्रृंखला हार जाते हैं तो यह बहुत बड़ी बात बन जाती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक युवा के लिए यह सीखने का दौर है। अगर वे इस स्थिति को अच्छी तरह से संभालते हैं तो वे खिलाड़ी के तौर पर परिपक्व होंगे और भारत का भविष्य बेहतर होगा।’’

कोई भी इस बात से इनकार नहीं कर सकता कि क्रिकेट परिस्थितियों पर आधारित खेल है और जब भातर ने पहली पारी में बल्लेबाजी की तो हालात अनुकूल नहीं थे। जडेजा ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो एक गेंदबाज के तौर पर जब हम शुरुआती दो दिन गेंदबाजी कर रहे थे तो विकेट पर कोई निशान नहीं थे। विकेट शीशे की तरह चमक रहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘और जब वे गेंदबाजी करने आए तो तेज गेंदबाजों के विकेट लेने की वजह से स्पिनरों को अधिक मौका मिला और उनकी गेंद टर्न कर रही थी और उछाल ले रही थी।’’ जडेजा ने कहा कि भारत के पहली पारी में 288 रन से पिछड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी के परिस्थितियों की चिंता किए बगैर बल्लेबाजी की।

जडेजा इस बात से सहमत थे कि दोनों गेम में टॉस गंवाने की भूमिका रही। उन्होंने कहा, ‘‘टॉस जीतना या हारना खेल का हिस्सा है लेकिन खेल पर इसका असर पड़ता है। जब आप पहली बार गेंदबाजी कर रहे होते हैं, जब विकेट पर कुछ नहीं हो रहा होता तो आपको लगेगा कि स्पिनर्स सामान्य और साधारण हैं।’’

जडेजा ने कहा, ‘‘लेकिन जब आप 300 रन आगे हों और गेंदबाजी कर रहे हों तो आप देखेंगे कि हर गेंदबाज बड़ा लगेगा।’’ जडेजा चाहते हैं कि बल्लेबाज बीते चार दिनों को भूल जाएं और सिर्फ आखिरी दिन के खेल पर ध्यान दें।

प्रमुख खबरें

Surya Grahan 2026: 12 अगस्त को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, जानें India में Timing और सूतक काल की Details

Noida International Airport परिसर में जलभराव पर प्रबंधन की सफाई, 30 मिनट में स्थिति सामान्य

Mumbai के Vile Parle की शांता भवन इमारत में आग से 2 की मौत, 6 लोग झुलसे

Hariyali Amavasya 2026: सावन की अमावस्या पर बन रहे विशेष संयोग, जानें Puja Vidhi और दान का महत्व