By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026
लखनऊ, एक नवंबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पार्किंग विवाद के कारण तीन लोगों की हत्या के मामले में 25 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान दिव्या शुक्ला (32) के रूप में हुई है और उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ब्राह्मणी टोला में एक खाली भूखंड पर कार पार्क करने को लेकर हुए विवाद के बाद मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला ने शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश तिवारी को गोली मार दी थी, जिससे तीनों की मौत हो गई थी। शिवाजी तिवारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारी थे और लखनऊ में जिला सह-कार्यवाह के पद पर कार्यरत थे।
इस बीच, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने इस तिहरे हत्याकांड के एक आरोपी के मकान को अवैध निर्माण के कारण सील कर दिया है। पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने तिवारी परिवार की महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।