Madhur Knit Crafts IPO 24 अगस्त को खुलेगा, 95 से 100 रुपये तय हुआ प्राइस बैंड

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

कपड़ा कंपनी मधुर निट क्राफ्ट्स लिमिटेड का 53.28 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 24 अगस्त को खुलेगा। कंपनी कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने और सौर पैनल में निवेश के लिए यह पूंजी जुटाना चाहती है। कंपनी का आईपीओ 27 अगस्त को बंद होगा।

इसके लिए प्रति शेयर 95-100 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया है। कंपनी का अपने शेयर एनएसई इमर्ज मंच पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है। आईपीओ के तहत 53.28 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे।

आवेदन के लिए न्यूनतम 1,200 शेयरों का लॉट तय किया गया है, जबकि 2.66 लाख शेयर बाजार निर्माताओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। मधुर निट क्राफ्ट्स आईपीओ से मिलने वाली राशि में से 20.85 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ बकाया कर्ज के पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान और 15.92 करोड़ रुपये कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, 3.68 करोड़ रुपये सौर पैनल खरीदने पर खर्च किए जाएंगे।

शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कारोबारी जरूरतों और निर्गम से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा। मधुर निट क्राफ्ट्स के प्रबंध निदेशक अरुण गुप्ता ने कहा, ‘‘प्रस्तावित आईपीओ हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे हमारी कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करने, वित्तीय स्थिति मजबूत करने और विनिर्माण क्षमताओं में आगे निवेश करने में मदद मिलेगी।

प्रमुख खबरें

अब हूतियों का बाब अल मंदेब पर कब्जा! बौखलाया सऊदी, मिलिट्री कमांडर को हटाया

Chinmoy Krishna Das को कड़ी सुरक्षा में Chittagong से Dhaka की विशेष जेल भेजा गया

सपा-कांग्रेस गठबंधन: सीटों के पेच में उलझती सियासी राह

शाम की चाय के साथ चाहिए Healthy Snack, तो घर पर बनाएं प्रोटीन रिच Moong Dal Tikki