मदुरै के Chekkanurani Police Station में चालक की संदिग्ध मौत, CB-CID को सौंपी गई जांच

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

तमिलनाडु के थेनी के एक मालवाहक वाहन चालक को मदुरै जिले में पुलिस थाने के शौचालय में फंदे से लटका हुआ मिला और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। चालक किसी मामले की जांच में मदद करने के लिए पुलिस थाने गया था।

विपक्ष के नेताओं ने चेक्कनुरानी पुलिस थाने के भीतर शिकायतकर्ता की मौत को लेकर राज्य सरकार और पुलिस विभाग की कड़ी आलोचना की तथा प्रशासन पर “कानून-व्यवस्था की स्थिति के गंभीर रूप से बिगड़ने” का आरोप लगाया। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन, अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी और पीएमके के अध्यक्ष डॉ. अंबुमणि रामदास ने अलग-अलग बयान जारी किए। इस बीच थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया तथा मामले की जांच सीबी-सीआईडी को सौंप दी गई।

एक निजी कंपनी में चालक के रूप में काम करने वाला बालकृष्णन शुक्रवार रात आग लगने की एक घटना के मामले में पुलिसकर्मियों को सीसीटीवी फुटेज की जांच में मदद करने के लिए चेक्कानुरानी पुलिस थाने गया था। सूत्रों ने बताया कि तीन नवंबर को थेवरम से मदुरै जा रहा उसका मालवाहक वाहन आग की चपेट में आ गया था। आग से वाहन पर लदा पूरा माल जलकर नष्ट हो गया।

उसकी शिकायत पर वलंदूर पुलिस ने आग लगने की दुर्घटनावश हुई घटना का मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि पुलिस निरीक्षक के कमरे में इंतजार करते समय बालकृष्णन ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी थी और शनिवार सुबह लगभग छह बजे पुलिसकर्मियों ने उसे वहां फंदे से लटका हुआ पाया। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि थाने के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रख लिया गया है और सीबी-सीआईडी की जांच के साथ-साथ न्यायिक जांच भी की जायेगी। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस थानों का निरीक्षण किए जाने के बावजूद हिरासत में मौतें क्यों हो रही हैं। उन्होंने पूछा कि एक शिकायतकर्ता को पूछताछ के लिए रात में क्यों बुलाया गया, और किस दबाव के कारण थाने के शौचालय में उसकी मौत हो गई।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बालकृष्णन के रिश्तेदारों के उन आरोपों का हवाला दिया, जिनमें कहा गया है कि उनका शव उन्हें दिखाए बिना ही जल्दबाजी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जिससे हिरासत में प्रताड़ना का संदेह पैदा होता है। पलानीस्वामी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस मौत पर हैरानी जताई और कहा कि सत्ताधारी टीवीके सरकार की कानून-व्यवस्था की विफलताएं किसी “टॉप-10 फिल्मों की सूची” जैसी हो सकती हैं। उन्होंने कहा, “यह शर्मनाक है कि इस प्रशासन के तहत पुलिस बल इतना लापरवाह रहा कि उसने एक व्यक्ति को पुलिस थाने के अंदर ही अपनी जान दे देने दी।” अंबुमणि रामदास ने एक बयान में कहा कि पुलिस थानों के भीतर संदिग्ध हालात में मौत चिंता का विषय हैं।

उन्होंने बताया कि बालकृष्णन - जिसे उन्होंने थेनी के एक इलायची व्यापारी का ड्राइवर बताया - को रात भर हिरासत में रखा गया था। वह इलायची से लदे एक ट्रक में आग लगने की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वहां गया था। अंबुमणि ने बताया कि पुलिस का कहना है कि संदिग्ध के तौर पर पूछताछ किए जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली, लेकिन परिवार ने इस स्पष्टीकरण को खारिज कर दिया है।

प्रमुख खबरें

IPL 2027 से पहले Gujarat Titans ने Harshal Patel को 4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया

Congress MLA Bhushan Bara मामले में लड़की पर दबाव बनाने के आरोप में 2 पर FIR दर्ज

15 November History: नाथूराम गोडसे को आज ही के दिन दी गई थी फांसी, जानें इतिहास

SAFF Championship 2026: Bhutan को 2-1 से मात देकर Final में पहुंची भारतीय Football टीम