पाकिस्तानी लोगों की सबसे पसंदीदा कलाकार थीं लता मंगेशकर, सबके दिलों पर करती थी राज

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 07, 2022

इस्लामाबाद/लाहौर। पाकिस्तान में जीवन के सभी क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों ने रविवार को महान गायिका लता मंगेशकर के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें ‘उपमहाद्वीप की स्वर-कोकिला’ एवं ‘स्वर साम्रागी’ बताया और कहा कि वह पाकिस्तानी लोगों की सबसे पसंदीदा कलाकार थीं एवं सदैव उनके दिलों पर राज करेंगी। मंगेशकर (92) कारविवार सुबह आठ बजकर दस मिनट पर मुम्बई के एक अस्पताल में निधन हो गया। पाकिस्तानी नेताओं, कलाकारों, क्रिक्रेटरों और पत्रकारों ने मंगेशकर के निधन पर शोक प्रकट करते हुए इसे ‘संगीत की दुनिया के लिए सबसे अंधकारमय दिन’ बताया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने गायिका के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उपमहाद्वीप ने दुनिया की एक महान गायिका को खो दिया है। चीन की चार दिवसीय यात्रा पर गए खान ने ट्वीट किया, ‘‘लता मंगेशकर के निधन से उपमहाद्वीप ने दुनिया की एक महान गायिका को खो दिया। उनके गीतों को सुनकर पूरी दुनिया में बहुत सारे लोगों को खुशी मिली है।’’ गायक-अभिनेता अली जफर ने कहा, ‘‘लता मंगेशकर जी जैसी महान शख्सियत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।’’

इसे भी पढ़ें: नेपाल में कोविड के मामलों में कमी आने के बाद स्कूल खोलने की मांग

दुनियाभर में उनके प्रशंसकों को मेरी संवेदना है। हम उनके गाने सुनकर बड़े हुए हैं। उनकी सुंदर आवाज हमेशा जीवित रहेगी।’’ पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने ट्वीट किया, ‘‘ लता मंगेशकर के गुजर जाने से संगीत की दुनिया ने एक महान गायिका को खो दिया है जिन्होंने अपने मधुर स्वर से पीढ़ियों को मुग्ध कर दिया। मेरी पीढ़ी के लोग उनके सुंदर गाने सुनकर बड़े हुए हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’ पाकिस्तान हिंदू काउंसिल के संरक्षक और सत्तारूढ़ पीटीआई के नेता रमेश कुमार वंकवानी ने यह कहते हुए मंगेशकर के निधन पर शोक प्रकट किया कि गायिका ने लंबे समय तक महाद्वीप के लोगों के दिलों पर राज किया और दुनिया में जो व्यक्ति उर्दू/हिंदी समझता है, वह दुखी है। आवामी नेशनल पार्टी के अफरसियाब ने कहा, ‘‘ न केवल हिंदी और उर्दू भाषी लोग, बल्कि दक्षिण एशियाइयों की कई पीढ़ियां महान गायिका के गाने सुनकर बड़ी हुई हैं। वह नहीं रहीं लेकिन वह अपने गानों में हमेशा रहेंगी। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।’’ एक भारतीय फिल्म में अभिनय कर चुके फिल्म और टीवी स्टार इमरान अब्बास ने उनके निधन को संगीत की दुनिया में सबसे अंधकारमय दिन बताया। हास्य अभिनेता सुहैल अहमद ने कहा , ‘‘ वह महान गायिका थीं और उनके गाने हमारे दिलों में गूंजते हैं।’’ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर रमीज रजा ने कहा, ‘‘ लता मंगेशकर शिष्टता, नम्रता और सादगी एवं महानता की भंडार थी , इसलिए सभी के लिए प्रेरणा थीं। किशोर कुमार और अब उनके निधन ने मुझे तोड़ दिया है।’’ मशहूर पत्रकार मेहर तरार ने लता के एक गीत की पंक्तियों के साथ कहा, ‘‘ लग जा गले के फिर ये हसीन रात हो या ना हो, शायद फिर इस जनम में मुलाकात हो या ना हो। आपकी आत्मा को शांति मिले। लता मंगेशकर साहिबा। कई दशकों तक आपकी मधुर आवाज के लिए आपको धन्यवाद, आपके अमर गानों ने हमारे दिलों, हमारी जिदगिंयों एवं हमारी यादों को रोशन किया। ’’ पाकिस्तान की और कई मशहूर हस्तियों ने मंगेशकर के निधन पर शोक प्रकट किया।

प्रमुख खबरें

Sunil Mittal का बड़ा ऐलान, Airtel अब FinTech और Data Center में करेगी हज़ारों करोड़ का निवेश

SBI Funds का Mega IPO अगले हफ्ते, Share Market में 10,000 करोड़ की हलचल

सच्चा हिंदू सभी को समान मानता है, धर्म का दिखावा करने की जरूरत नहीं: के. अन्नामलाई

Delhi की नई EV Policy पर मचा बवाल, Taxi-Auto Union ने सरकार से पूछे तीखे सवाल