By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 14, 2026
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के एक आवासीय स्कूल के छात्रावास में सर्पदंश से तीन आदिवासी लड़कियों की मौत के बाद महाराष्ट्र सरकार की आलोचना के बीच अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में पिछले दो साल में आश्रम स्कूल के 584 छात्रों की मौत हुई है। आदिवासी विकास विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मौत की वजहों में सर्पदंश, सिकल सेल बीमारी, गंभीर बीमारी, दुर्घटना और आत्महत्या शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में सरकार द्वारा चलाए जा रहे 500 और सरकारी सहायता प्राप्त 513 आश्रम स्कूल हैं, जो आदिवासी बच्चों के लिए आवासीय सुविधाएं प्रदान करते हैं।
इनमें से 30 छात्रों की मौत स्कूल परिसर में और 170 की घर पर हुईं। कांग्रेस का आरोप है कि गढ़चिरौली के एक आवासीय स्कूल छात्रावास में छात्राओं की मौत के मामले भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली ‘महायुति’ सरकार के दौरान प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा थे। धनोरा तालुका मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर जप्तलाई गांव में स्थित एक सरकारी सहायता प्राप्त आदिवासी आवासीय स्कूल के छात्रावास में नौ अगस्त की मध्यरात्रि को जहरीले सांप के काटने से तीन आदिवासी लड़कियों की मौत हो गई और उतनी ही लड़कियों का इलाज हो रहा है।
इस घटना के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय स्कूल का लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द करने का आदेश दिया।