Maharashtra : अदालत ने दुष्कर्म के मामले में व्यक्ति को बरी किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 28, 2025

महाराष्ट्र के नवी मुंबई की एक अदालत ने दुष्कर्म और आपराधिक धमकी के एक मामले में आरोपी 48 वर्षीय व्यक्ति को बरी कर दिया है। अदालत ने कहा कि महिला के साथ उसका आपसी सहमति से संबंध था और उन्होंने मामले को सुलझा लिया था।

बेलापुर अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सी.वी. मराठे ने 2015 के एक मामले में आरोपी हरेकृष्ण रामचंद्र साहनी को बरी कर दिया। अदालत के नौ दिसंबर के आदेश की प्रति शनिवार को उपलब्ध कराई गई।

अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया था कि साहनी ने महिला की आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर उसका बार-बार यौन उत्पीड़न किया। अभियोजन पक्ष ने बताया कि महिला ने 2010 में आरोपी से 20,000 रुपये उधार लिए थे और जब वह कर्ज चुकाने में असमर्थ रही, तो साहनी ने उसे यौन संबंध बनाने के लिए कथित तौर पर मजबूर किया।

अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया गया कि आरोपी ने महिला को यह बात किसी को बताने पर उसके पति को जान से मारने की धमकी दी थी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, आरोपी ने नवंबर 2015 तक महिला का यौन शोषण किया और आखिरकार पीड़िता ने अपने पति को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों ने पुलिस से संपर्क किया।

मुकदमे के दौरान, महिला की गवाही से पता चला कि यह संबंध जबरदस्ती नहीं था। न्यायाधीश ने आदेश में कहा कि जिरह के दौरान महिला ने बताया कि आरोपी ने उसकी सहमति से यौन संबंध बनाये थे और उसने मामले को अदालत के बाहर सुलझा लिया है। अदालत ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे यह पता चले कि महिला से जबरदस्ती की गयी थी।

प्रमुख खबरें

BCCI का बड़ा ऐलान: टेस्ट टीम में कोई फेरबदल नहीं, वीवीएस लक्ष्मण के कोच बनने की अटकलों पर पूर्ण विराम

BSF ने नकारा बांग्लादेशी पुलिस का दावा, घुसपैठ की खबरों को बताया झूठ

दिल्ली-एनसीआर में दम घुट रहा! Google Maps देगा रियल-टाइम AQI की जानकारी, बाहर निकलने से पहले जान लें

Manickam Tagore का विवादित बयान, RSS की तुलना अल-कायदा से की