By अंकित सिंह | Nov 29, 2024
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पर बढ़ते सस्पेंस के बीच, राज्य में सत्ता-साझाकरण समझौते को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की एक प्रमुख बैठक शुक्रवार को रद्द कर दी गई। निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने गृहनगर सतारा के लिए रवाना हो गए हैं। अब मुख्य बैठक रविवार को होने की उम्मीद है। गुरुवार रात दिल्ली में एक उच्च स्तरीय चर्चा के बाद मुंबई बैठक निर्धारित की गई थी, जहां शिंदे ने अपने डिप्टी देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में सरकार गठन के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जे. पी. नड्डा के साथ उनकी अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई। शिंदे ने मुंबई रवाना होने से पहले यहां संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री को लेकर फैसला ‘‘एक या दो दिन में’’ राज्य की राजधानी में महायुति गठबंधन की एक अन्य बैठक में किया जाएगा। शिंदे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार ने राज्य में सत्ता साझेदारी समझौते पर बातचीत के लिए बृहस्पतिवार रात यहां शाह और नड्डा से मुलाकात की थी।